खोज

अलमाटी की सड़कों में सैनिकों की तैनाती अलमाटी की सड़कों में सैनिकों की तैनाती 

कजाकिस्तानी काथलिक उपद्रव पीड़ितों के लिए प्रार्थना में शामिल हुए

मध्य एशियाई राष्ट्र कजाकिस्तान हाल की हुए उपद्रव के पीड़ितों के लिए राष्ट्रीय शोक का दिन रखा, छोटा काथलिक समुदाय भी जनसमूह के साथ मृतकों के लिए विशेष प्रार्थना में शामिल हुआ।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

अलमाटी, बुधवार 12 जनवरी 2022 (वाटिकन न्यूज) : कजाकिस्तान में पिछले सप्ताह सड़क पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर सरकार की कार्रवाई में करीब 160 लोग मारे गए थे। सोमवार को इन पीड़ितों के लिए आयोजित प्रार्थना में काथलिक भी शामिल हुए।

कजाकिस्तान में सोमवार राष्ट्रीय शोक का दिन था। स्थानीय धर्माध्यक्षों ने सभी परोहितों को मृतकों के लिए विशेष पवित्र मिस्सा का अनुष्ठान करने हेतु आमंत्रित किया।

एक वीडियो संदेश में, अस्ताना में पवित्रतम माता मरिया के महाधर्माध्यक्ष थोमस पेटा ने भी विश्वासियों को मृतकों की आत्माओं की अनंत शांति और देश में शांति के लिए 13 जनवरी को प्रार्थना सभा में एकत्रित होने के लिए आमंत्रित किया।

विरोध पर कार्रवाई

कजाकिस्तान में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद जनवरी की शुरुआत में आम लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन तेजी से सरकार और पूर्व राष्ट्रपति नूरसुल्तान नज़रबायेव के खिलाफ हो गया, जिन्होंने तीन दशकों तक पूर्व सोवियत राज्य का नेतृत्व किया और माना जाता है कि 2019 में राष्ट्रपति पद सौंपने के बावजूद, उनका देश में अभी भी एक मजबूत राजनीतिक प्रभाव है।

जैसे ही सड़क पर प्रदर्शन सुरक्षा बलों के साथ हिंसक झड़पों में बदल गया, कजाकिस्तान राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायव ने प्रदर्शनकारियों पर क्रूर कार्रवाई और इंटरनेट शटडाउन के साथ आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी और रूसी नेतृत्व वाले सामूहिक सुरक्षा संधि संगठन (सीएसटीओ) के सैनिकों को बुलाया।

नवीनतम घटनाक्रम

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को कहा कि कजाकिस्तान को बाहरी ताकतों द्वारा समर्थित आतंकवादी विद्रोह से बचाने के लिए उनकी तैनाती महत्वपूर्ण थी। कज़ाकिस्तान अधिकारियों के अनुसार, अब बड़े पैमाने पर व्यवस्था बहाल कर दी गई है और विरोध के सिलसिले में लगभग 10,000 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मंगलवार को, राष्ट्रपति टोकायव ने संसद को बताया कि सीएसटीओ दो दिनों के समय में अपने सैनिकों को वापस ले लेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह प्रधान मंत्री के रूप में एक लंबे समय से सेवा करने वाले लोक सेवक, अलीखान स्माइलोव की नियुक्ति की और धन अंतर को कम करने, खनन क्षेत्र पर कर बढ़ाने और राज्य की खरीद में अनियमितताओं को खत्म करने की पहल की बात की।

संत पापा के समर्थन के आभारी हैं धर्माध्यक्ष

कजाकिस्तान के काथलिक धर्माध्यक्षों ने कजाकिस्तान के लिए संत पापा की प्रार्थना और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया है। रविवार को देवदूत की प्रार्थना के दौरान, संत पापा ने कहा कि वे विरोध पदर्शन के पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना करते हैं और आशा व्यक्त की कि "संवाद, न्याय और सामान्य भलाई की खोज के माध्यम से सामाजिक सद्भाव जल्द से जल्द बहाल किया जाए।"

संत पापा फ्राँसिस ने 10 जनवरी को परमधर्मपीठ में मान्यता प्राप्त राजदूतों को अपने नए साल के संबोधन में काकेशस क्षेत्र में बातचीत के लिए अपने आह्वान को दोहराया।

अल्पसंख्यक काथलिक समुदाय

कजाकिस्तान में तीन काथलिक धर्मप्रांत और लैटिन रीति के एक प्रेरितिक प्रशासक हैं। धर्मप्रांतों  में 91 पुरोहित कुल 70 पल्लियों में अपनी सेवा दे रहे हैं।

काथलिक अल्पसंख्यक हैं, जिसमें एक पूर्वी रीति का छोटा समुदाय भी शामिल है। आधिकारिक स्थानीय आंकड़ों के अनुसार, काथलिक आबादी का लगभग 1 प्रतिशत हैं। अधिकांश आबादी मुस्लिम है। ऑर्थोडोक्स ख्रीस्तीय भी हैं, जो कुल आबादी का लगभग 26 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करते हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

12 January 2022, 14:40