खोज

निकारागुआ में पवित्र आत्मा गिरजाघर के पुरोहित ओस्कर दानिएल बेनाविज तिनोको निकारागुआ में पवित्र आत्मा गिरजाघर के पुरोहित ओस्कर दानिएल बेनाविज तिनोको  

निकारागुआ के गिरजाघर में घेराबंदी जारी ˸ एक अन्य पुरोहित गिरफ्तार

फादर ओस्कर बेनाविज तीसरे पुरोहित हैं जिन्हें पिछले दिनों राष्ट्रीय पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया है जब संडिनिस्ता सरकार काथलिक कलीसिया की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाने की कारर्वाई कर रही है।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

फेसबुक पेज पर पोस्ट किये गये एक प्रेस विज्ञप्ति में सुना धर्मप्रांत ने पुष्टि दी है कि निकारागुआ के मुलुकुकु की नगरपालिका स्थित पवित्र आत्मा गिरजाघर के पुरोहित ओस्कर दानिएल बेनाविज तिनोको को हिरासत में लिया गया है। मानव अधिकार संगठन के अनुसार पुरोहित को रविवार को पवित्र मिस्सा के बाद उनकी गाड़ी से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। धर्मप्रांत ने कहा है कि उनकी इस कारर्वाई का कारण मालूम नहीं है और 2022 में अन्य दो काथलिक पुरोहितों की गिरफ्तारी का भी कारण पता नहीं चला है।   

पुरोहित की स्थिति के बारे जानकारी देने के बाद, धर्मप्रांत ने लोगों से आग्रह किया है कि "वे फादर ओस्कर बेनावेज के लिए प्रार्थना करते रहें, जिनका मिशन सिर्फ येसु ख्रीस्त, जो जीवन वचन एवं सभी के मुक्तिदाता हैं उनके सुसमचार का प्रचार करना था।"

मतगल्पा के धर्माध्यक्ष की नाकेबंदी जारी  

मतगल्पा के धर्माध्यक्ष मोनसिन्योर रोनाल्दो अलवारेज को पिछले मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया था और उन्होंने 13 दिनों के लिए धर्माध्यक्षीय आवास में पाँच अन्य पुरोहितों, तीन सेमिनरी छात्रों और दो लोकधर्मियों के साथ कैद कर लिया गया है। निकारागुआ के राष्ट्रपति दानिएल ओर्तेगा के सांडिनिस्टा शासन के खिलाफ "हिंसक समूहों" को बढ़ावा देने के आरोप में कैद, धर्माध्यक्ष ने घेराबंदी की स्थिति में एक शांत रवैया बनाए रखा है। रविवार को ओनलाईन ख्रीस्तयाग का अनुष्ठान करते हुए धर्माध्यक्ष ने विश्वासियों का आह्वान किया है कि वे पवित्र संस्कार की आराधना और प्रार्थना जारी रखें, इस तरह उन्होंने हिंसा के बदले शांति से शस्त्र द्वारा ख्रीस्तीय विकल्प प्रस्तुत करने का प्रोत्साहन दिया है।  

पुरोहितों की गिरफ्तारी और धर्माध्यक्ष की नाकाबंदी, काथलिक कलीसिया को प्रतिबंधित करने के लिए, आठ रेडियो स्टेशनों को बंद करने और कलकत्ता की संत तेरेसा द्वारा स्थापित मिशनरीज ऑफ चैरिटी धर्मसमाज के निकारागुआ से निष्कासन का एक भाग है। 

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

16 August 2022, 16:38