खोज

मानव बंधुत्व के लिए जावेद पुरस्कार के प्रतिनिधि मानव बंधुत्व के लिए जावेद पुरस्कार के प्रतिनिधि  (Vatican Media)

जायद पुरस्कार 2023 की न्याय समिति से पोप फ्राँसिस की अपील

पोप फ्राँसिस ने मानव बंधुत्व पर जायद पुरस्कार 2023 की न्याय समिति से आग्रह किया है कि वे मानव बंधुत्व और महिलाओं के अधिकारों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करें।

उषा मनोरमा तिरकी-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, मंगलवार, 10 जनवरी 2023 (रेई) : काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष संत पापा फ्राँसिस ने मंगलवार को वाटिकन में मानव बंधुत्व पर जायेद पुरस्कार 2023 की न्याय समिति के सदस्यों से मुलाकात की ताकि मानव बंधुत्व को विश्व स्तर पर बढ़ावा देने हेतु पुरस्कार के महत्व पर चर्चा की जा सके, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा भी शामिल है।  

महिलाओं के अधिकारों को आगे बढ़ायें

2019 में पुरस्कार विजेता पोप फ्राँसिस ने छह सदस्यों वाली न्याय समिति से कहा, "आपका काम मानव बंधुत्व के संदेश को आगे बढ़ाने हेतु महत्वपूर्ण है।" पोप ने मानवता के लिए वैश्विक पुरस्कार के महत्व पर बल दिया और समिति के सदस्यों से महिलाओं के अधिकारों को आगे बढ़ाने के लिए अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, “आपके काम में महिलाओं की गरिमा को बनाए रखना आवश्यक है क्योंकि महिलाओं के अधिकारों को अक्सर कागज पर रेखांकित किया जाता है, लेकिन वास्तविकता में इसका अभ्यास नहीं किया जाता।" उन्होंने हैती में चल रहे संकट पर भी प्रकाश डाला तथा अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से देश का समर्थन करने का आग्रह किया। हैती के संगठन द फाउंडेशन फॉर नॉलेज एंड लिबर्टी (एफओकेएल) को 2022 में मानव बंधुत्व के लिए जायद पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

न्याय समिति

न्याय समिति के सदस्यों ने अपनी ओर से, पोप फ्राँसिस द्वारा अबू धाबी में अल-अजहर के ग्रैंड इमाम प्रोफेसर अहमद अल-तैयब के साथ 2019 में मानव भ्रातृत्व पर ऐतिहासिक दस्तावेज़ पर सह-हस्ताक्षर करने के लिए उनकी प्रशंसा की। सदस्यों ने गौर किया कि कैसे उनमें से प्रत्येक अपने-अपने क्षेत्रों में मानव भ्रातृत्व के सिद्धांतों पर दस्तावेज का पालन कर रहे हैं।

सदस्यों ने पुष्टि की कि दस्तावेज में उल्लिखित मूल्य, मानव भ्रातृत्व के लिए जायद पुरस्कार के चौथे संस्करण हेतु सम्मान की, उनकी चल रही चयन प्रक्रिया के दौरान मार्गदर्शन के स्रोत के रूप में काम करेंगे।

स्वतंत्र न्याय समिति के सदस्य हैं- संयुक्त राष्ट्र उप – महासचिव  और सभ्यताओं के गठबंधन के लिए उच्च प्रतिनिधि मिग्वेल एंजेल मोरातिनोस; कोस्ता रिका के पूर्व उप-राष्ट्रपति डॉ. एसपी कम्पबेल बर्र; परमधर्मपीठ के सुसमाचार प्रचार विभाग के उप-अध्यक्ष कार्डिनल लुईस अंतोनियो ताग्ले; २०१४ में नोवेल पुरस्कार विजेता और बाल - अधिकार कार्यकर्ता कैलाश सत्यार्थी; 2015 में नोवेल पुरस्कार विजेता और उद्यामी डॉ. ओवीदद बुकामावी; और मानव बंधुत्व पर जायेद पुरस्कार के लिए महासचिव और वयोवृद्धों की मुस्लिम समिति के महासचिव जज मोहमद अबदेलसलाम।

जायद पुरस्कार के लिए पोप का निरंतर समर्थन

न्याय समिति की ओर से जज मोहमद अबदेलसलाम ने कहा, "हम मानव बंधुत्व के लिए जायद पुरस्कार के निरंतर समर्थन के लिए पोप फ्राँसिस के बहुत आभारी हैं। वे शांति के व्यक्ति का एक वास्तविक और अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हैं और इस भावना के साथ कि हम सभी एक ही मानव परिवार के सदस्य हैं, जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से लोगों को एक साथ लाना जारी रखते हैं।"

मिग्वेल एंजेल मोरातिनोस ने कहा, "इस महत्वपूर्ण समिति का हिस्सा होना एक बड़ा सम्मान और विशेषाधिकार है। भाईचारा हमारे सम्मान और एक-दूसरे की समझ का मार्गदर्शन करता है। आज हम मानव भ्रातृत्व पर दस्तावेज में उल्लिखित मूल्यों और सिद्धांतों के साथ चमकते हुए एक सम्मानित व्यक्ति को, उनकी दृष्टि, और लोगों को आशा देने हेतु व्यावहारिक रूप से लागू करने में सक्षम पाएंगे।"

कार्डिनल लुइस अंतोनियो ताग्ले ने कहा, "न्याय समिति में हमारे काम के साथ, हमारा लक्ष्य इस मिशन का समर्थन करना है और पहचानना है कि एक उज्जवल और अधिक शांतिपूर्ण भविष्य सुनिश्चित करने का एकमात्र तरीका एकता, सह-अस्तित्व और एक दूसरे के लिए सम्मान का प्रदर्शन और समर्थन करना है। पुरस्कार इन मूल्यों का समर्थन करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच का प्रतिनिधित्व करता है।

पुरस्कार एक प्रेरणा का स्रोत

डॉ. एसपी कम्पबेल बर्र ने कहा, "हमारी दुनिया के सामने कई चुनौतियाँ हैं, लेकिन यह पुरस्कार प्रेरणा का स्रोत है। यह शांति और बंधुत्व की दिशा में काम करते हुए भेदभाव के खिलाफ लड़नेवाले लोगों को उजागर करता है और उनका समर्थन करता है। हमने हाल ही में हैती में इस पुरस्कार के प्रभाव को देखा है, जहाँ एफ ओ के ए एल हमारी बहनों, महिलाओं और युवाओं के लिए न्याय, समानता लाने हेतु काम कर रहा है। यह पुरस्कार महिलाओं के अधिकारों का समर्थन करने के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

भारत में बाल अधिकार कार्यकर्त्ता एवं नोवेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने कहा, "यह पुरस्कार इस संदेश की पुष्टि करता है कि नफरत के खिलाफ, आशा, सत्य, शांति और प्रेम की जीत हमेशा होगी। पुरस्कार विजेता हमें दिखाते हैं कि हम दुनिया में एक साथ चलना, हमारे समुदायों में सबसे कमजोर लोगों, विशेष रूप से, बच्चों के लिए आवाज उठाना और मानव भाईचारे के मूल्यों को गहरा करना कैसे सीख सकते हैं।

डॉ. ओवीदेद बुकामोवी ने कहा, "मुझे इस पुरस्कार की न्याय समिति का हिस्सा होने पर एक महिला के रूप में गर्व है। पुरस्कार जिसे कई महिला मानव भाईचारा के अग्रदूतों ने जीता है। इस बात का प्रमाण हैं कि महिलाएँ दुनिया में शांति स्थापित कर सकती हैं।”

मानव बंधुत्व के लिए जायद पुरस्कार

मानव बंधुत्व के लिए जायद पुरस्कार एक वार्षिक स्वतंत्र और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार है, जो दुनिया में कहीं भी, किसी भी पृष्ठभूमि के लोगों और संस्थाओं को मान्यता देता है, जो शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की दिशा में वास्तविक मानव संबंध और सफलताओं को मजबूत करने के लिए निःस्वार्थ और अथक रूप से काम कर रहे हैं।

पुरस्कार की शुरूआत 2019 में अबूधाबी में संत पापा फ्राँसिस एवं अल अजहर के ग्रैंड इमाम प्रोफेसर अहमद अल तायेब के बीच एक ऐतिहासिक मुलाकात के दौरान मानव बंधुत्व के दस्तावेज पर हस्ताक्षर को रेखांकित करने के लिए की गई है। इस पुरस्कार का नाम संयुक्त अरब अमीरात के संस्थापक दिवंगत शेख जायद बिन सुल्तान अल नहयान के सम्मान में रखा गया है, जो अपनी मानवतावाद और लोगों की मदद करने हेतु समर्पण के लिए प्रसिद्ध थे, चाहे उनकी पृष्ठभूमि कुछ भी हो।

पिछले पुरस्कार विजेता

पिछले पुरस्कार विजेताओं में 2019 में पोप फ्राँसिस और अल-अजहर के ग्रैंड इमाम प्रोफेसर अहमद अल-तैयब (मानद प्राप्तकर्ता); 2021 में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और उग्रवाद के खिलाफ मोरक्को के फ्रांसीसी कार्यकर्ता लतीफा इब्न ज़ियाटेन; और 2022 में राजा अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन और जॉर्डन के हशमाइट साम्राज्य की रानी रानिया अल अब्दुल्ला, एवं हैती के मानवतावादी संगठन, फाउंडेशन फॉर नॉलेज एंड लिबर्टी (एफ ओ के ए एल) शामिल हैं।

न्याय समिति के सदस्य इन दिनों रोम में हैं एवं 2023 के लिए पुरस्कार विजेताओं पर विचार-विमर्श कर रहे हैं – जिसकी घोषणा अगले महीने की जाएगी। सम्मान पाने वालों को उनके प्रयासों के समर्थन में, और मानव बंधुत्व को आगे बढ़ाने, विभाजनों को दूर करने में सहयोग करने और वास्तविक प्रगति को आगे बढ़ाने में उनके काम को जारी रखने के लिए $1 मिलियन अमरीकी डालर से सम्मानित किया जाएगा।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

10 January 2023, 15:42