धन्य कार्लो अकुतिस का पवित्र अवशेष ब्राजील पहुँचा धन्य कार्लो अकुतिस का पवित्र अवशेष ब्राजील पहुँचा 

धन्य कार्लो अकुतिस के पवित्र अवशेष ब्राजील के कम्पो ग्रांडे में

यह अवशेष एक गहरे नीले रंग का स्वेटर है—जो कार्लो अकुसित के सबसे पसंदीदा परिधानों में से एक है, क्योंकि वह कई तस्वीरों में इसे पहने हुए दिखाई दे रहे हैं। यह अवशेष 1 सितंबर को साओ सेबेस्तियाओ पल्ली में कार्लो अकुसित की संत घोषणा समारोह के लिए पहुँचा है, जो 7 सितंबर को वाटिकन में सम्पन्न होगा।

विनिसियस ब्राक्ट- कम्पो ग्रांदे, ब्राजील

कार्लो अकुतिस के नीले स्वेटर के आगमन के साथ, कम्पो ग्रांदे में गहरे विश्वास और भक्ति से भरे दिन बीत रहे हैं। यह एक ऐसा अवशेष है जिसे युवा अकुतिस ने पहना था, जिन्हें अगले रविवार (7 सितंबर) को वाटिकन में संत घोषित किया जाएगा। इस अवशेष को अग्निशमन विभाग द्वारा सोमवार (1सितंबर) की शाम को साओ सेबेस्तियाओ पल्ली पहुँचाया गया, जिससे संत घोषणा सप्ताह का आधिकारिक उद्घाटन हुआ। आयोजकों के अनुसार, इस समारोह में एक हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया।

वेदी के सामने एक अवशेष संदूक में प्रदर्शित, यह स्वेटर संत घोषणा के बाद भी पल्ली में ही रहेगा। फादर मार्सेलो तेनोरियो ने बताया, "यह अवशेष इस मंगलवार (2 सितंबर) तक होनेवाले मिस्साओं में मौजूद रहेगा। इसके बाद, इसे विला मार्गरिदा स्थित चमत्कार के चैपल में ले जाया जाएगा और रविवार को धन्यवादी पवित्र मिस्सा के लिए पल्ली में वापस लाया जाएगा।"

संत घोषणा सप्ताह की तैयारियों की समन्वयक, दुल्से दी मोराइस के अनुसार, यह अवशेष दिन के समय आम दर्शन के लिए नहीं, बल्कि केवल शाम की प्रार्थना सभाओं के दौरान ही खुला रहेगा। उन्होंने आगे कहा, "संत घोषणा के बाद, एक टीम साओ सेबेस्तियाओ पल्ली में स्वेटर उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारी करेगी, हालाँकि अभी कोई आधिकारिक तिथि तय नहीं की गई है।"

प्रथम महिला मोनिका रीडेल ने समारोह में भाग लिया और इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश दिया। उन्होंने कहा, "यह सचमुच एक विशेष और बेहद भावुक क्षण है। कार्लो के अवशेष को अपने साथ पाकर हम बेहद खुश हैं, जो और भी चमत्कार करने के लिए तैयार हैं। एक 15 वर्षीय युवक के साथ इस वास्तविकता को देखना अविश्वसनीय रूप से प्रभावशाली है और हमारे काथलिक विश्वास को मज़बूत करता है।"

संतत्व का मार्ग

कार्लो अकुतिस की संत घोषणा पाँच महीने की प्रतीक्षा के बाद हो रही है। यह समारोह पहले 27 अप्रैल को किशोरों की जयंती के दौरान निर्धारित था, लेकिन पोप फ्राँसिस के निधन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।

धन्य कार्लो अकुतिस को संत की उपाधि से सम्मानित करने के पीछे दो चमत्कार हैं। पहला चमत्कार 2010 में काम्पो ग्रांदे में हुआ था, जब साओ सेबेस्तियाओ के प्रार्थनालय में कार्लो की एक प्रतिमा के समक्ष प्रार्थना के बाद, 6 वर्षीय मैथ्यूस लिंस वियाना (उस समय), अग्नाशय की गंभीर विकृति से ठीक हो गए थे। पिछले साल पुष्टि किए गए दूसरे चमत्कार में इटली की एक महिला को स्वास्थ्य लाभ मिला, जिसे प्रसव के दौरान जानलेवा जटिलताओं का सामना करना पड़ रहा था।

संत घोषणा सप्ताह

समारोह शनिवार (6 सितंबर) तक चमत्कार के प्रार्थनालय में गतिविधियों के साथ जारी रहेगा। रविवार (7 सितंबर) को, संत घोषणा के दिन, कार्यक्रम सुबह 4:00 बजे (मातो ग्रोसो दू सुल में स्थानीय समय) साओ सेबेस्तियाओ पैरिश में शुरू होंगे, जहाँ वाटिकन से संत घोषणा समारोह का सीधा प्रसारण होगा। गतिविधियाँ सुबह 11:30 बजे तक जारी रहेंगी, और क्लब एस्टोरिल में एक सार्वजनिक सहभागिता भोज के साथ समाप्त होंगी।

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.

04 सितंबर 2025, 16:41