वाईट हाऊस वाईट हाऊस  (ANSA)

तीन अमरीकी कार्डिनल : विदेश नीति मानव प्रतिष्ठा, धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करे

पोप लियो 14वें के ‘स्टेट ऑफ द वर्ल्ड’ भाषण के दस दिन बाद, अमेरिका के तीन कार्डिनलों ने एक संयुक्त बयान जारी कर, युद्ध का त्याग करने और अमरीका की विदेश नीति को शांति और मानव प्रतिष्ठा एवं धार्मिक स्वतंत्रता के सम्मान पर आधारित बनाने की अपील की है।

वाटिकन न्यूज

अमरीका, मंगलवार, 20 जनवरी 2026 (रेई) : अमरीका के तीन कार्डिनलों ने सोमवार को अमेरिका की विदेश नीति के बारे में एक संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें पोप लियो 14वें के वाटिकन से मान्यता प्राप्त राजनयिकों को दिए गए भाषण से कई बातें ली गईं हैं।

इस बयान पर शिकागो के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल ब्लेज क्यूपिक; वाशिंगटन के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल रॉबर्ट मैकलरॉय; और नेवार्क के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल जोसेफ टोबिन ने हस्ताक्षर किए हैं।

उन्होंने लिखा, “शीत युद्ध समाप्त होने के बाद, दुनिया में अमेरिका के कामों के नैतिक आधार के बारे अमरीका 2026 में सबसे गहरी और तीखी बहस में शामिल हो गया है।”

कार्डिनलों ने कहा कि वेनेजुएला, यूक्रेन और ग्रीनलैंड में हाल की घटनाओं ने “मिलिट्री फोर्स के इस्तेमाल और शांति के मतलब के बारे में बुनियादी सवाल खड़े किए हैं।”

उन्होंने देशों के खुद फैसला करने के संप्रभु अधिकार पर जोर दिया, और कहा कि मौजूदा टकराववाली भू-राजनीति में यह सिद्धांत तेजी से कमजोर होता जा रहा है।

तीनों कार्डिनलों ने कहा कि सही और टिकाऊ शांति की कोशिशें पक्षपात, ध्रुवीकरण और नुकसान पहुंचानेवाली नीतियों की शिकार हुई हैं, जबकि शांति इंसानियत की भलाई के लिए बहुत जरूरी है।

उन्होंने कहा, “दुनियाभर में बुराई का सामना करने, जीवन और मानव प्रतिष्ठा के अधिकार को बनाए रखने और धार्मिक स्वतंत्रता का समर्थन करने में हमारे देश की नैतिक भूमिका की जांच हो रही है।”

इस स्थिति को देखते हुए, कार्डिनलों ने कहा कि 9 जनवरी को पोप लियो का “स्टेट ऑफ़ द वर्ल्ड” भाषण अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिए “सच्चा नैतिक आधार” और अमेरिकी विदेश नीति के लिए एक रास्ता देता है।

राजनयिकों को दिए अपने भाषण में, पोप ने बहुपक्षवाद की कमजोरी और विरोधी पक्षों के बीच बातचीत और आम सहमति बनाने में राजनयिकों की नाकामी पर दुःख जताया।

अंत में, तीनों कार्डिनलों ने कहा कि पोप लियो ने अमेरिका को एक ऐसा नजरिया दिया है जिससे वह “ध्रुवीकरण, पार्टीबाजी, और छोटे आर्थिक एवं सामाजिक फायदों” से उबर सकता है, जो अभी देश की अपनी नैतिक बुनियाद पर बहस को रोक रहे हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

20 जनवरी 2026, 16:30