संत पापा का पहला पल्ली दौरा: ओस्तिया को दुर्व्यवहार की संस्कृति के आगे हार नहीं माननी चाहिए

संत पापा ने रोम के समुद्री किनारे के इलाके ओस्तिया में माता मरिया शांति की रानी पल्ली का दौरा किया और बच्चों, युवाओं और बुज़ुर्गों से मुलाकात की। पवित्र मिस्सा के दौरान, अपने प्रवचन में इस बात पर ज़ोर दिया कि एक असली ख्रीस्तीय समुदाय की निशानी तब होती है जब 'स्वागत' सिर्फ़ एक शब्द से न हो, बल्कि “एक भावना के साथ हो—जो सबके लिए दरवाज़ा खोले।”

वाटिकन न्यूज

रोम, सोमवार 16 फरवरी 2026 : चालीसा काल शुरू होने से पहले वाले रविवार 15 फरवरी दोपहर करीब 3:45 बजे संत पापा  लियो 14वें ओस्तिया पल्ली पहुँचे—पास्का से पहले पाँच रविवार के पड़ावों में से यह पहला था।

संत पापा का स्वागत रोम धर्मप्रांत के विकर कार्डिनल बाल्डो रीना और पल्ली पुरोहित, फादर जोवान्नी पटाने ने किया। उनके साथ पल्लीवासियों ने भी संत पापा का स्वागत किया।यह जगह संत अगुस्टीन और उनकी माँ, संत मोनिका की आध्यात्मिक विरासत से पहचानी जाती है।

उन्होंने कहा, “यह मेरे नए धर्मप्रांत के किसी पल्ली का मेरा पहला दौरा है। मैं यहाँ, ओस्तिया में शुरुआत करके बहुत खुश हूँ—खासकर एक ऐसे पल्ली में जो माता मरिया शांति की रानी को समर्पित है, यह नाम आज के समय में बहुत मायने रखता है।”

हिंसा जो “मौजूद है और ज़ख्म देती है”

जिस इलाके में संत पापा ने दौरा किया, वह अक्सर अपराध और हिंसा के लिए सुर्खियों में रहता है—एक ऐसी हिंसा जो “मौजूद है और ज़ख्म देती है,” जैसा कि पापा ने पल्ली में मिस्सा के दौरान अपने प्रवचन में कहा था। यह हिंसा कभी-कभी युवाओं में फैल जाती है, “शायद नशे के इस्तेमाल से” या  आपराधिक संगठनों द्वारा चलाई जाती है जो लोगों का शोषण करते हैं, उन्हें अपराध में धकेलते हैं, और “गैर-कानूनी और गलत तरीकों से गलत फायदे” उठाते हैं।

इसी वजह से, संत पापा लियो ने सभी को उम्मीद से ऊपर देखने के लिए कहा, लेकिन साथ ही नीचे की ओर भी—समाज के ताने-बाने में—ऐसे प्रेरितिक और शैक्षिक कामों को बढ़ावा देने के लिए कहा जो “दुर्व्यवहार और अन्याय की संस्कृति” के खिलाफ सम्मान, मेलजोल, लगन और “नम्रता की ताकत” को बढ़ावा दें।

लोगों का गले मिलना

संत पापा के सही और दिल से निकले शब्द अलग-अलग तरह के लोगों - बच्चे और जवान, परिवार और प्रवासी, गरीब और बीमार, पुरोहितों और धर्मबहनों,  स्वंयसेवियों और सिविल संस्थाओं के प्रतिनिधियों के लिए थे, जो संत पापा से मिलने के लिए अलग-अलग जगहों, खेल मैदान, जिम, पल्ली हॉल और गिरजाघर में घंटों पहले इकट्ठा हुए थे।

संत पापा लियो उनके साथ कुछ पल बिताए, बच्चों को आशीर्वाद दिया, व्हीलचेयर पर बैठे लोगों का अभिवादन करने के लिए आगे झुके, कपल्स और जवान लोगों के साथ मज़ाक किया। अलग-अलग ग्रुप्स को उन्होंने हेल मैरी और आवर फादर प्रार्थना करने के लिए बुलाया।

“तुम ही वह उम्मीद हो”

पल्ली आंगन में इकट्ठा पहले ग्रुप में,  धर्मशिक्षा क्लास के बच्चे,यूथ सेंटर के युवा, रिन्यूअल इन द स्पिरिट, नेयोकाटेकुमेनल वे और स्काउट यूरोपा के बच्चे और जवान शामिल थे, जिन्होंने संत पापा को एक खास 'स्कार्फ' दिया।

एक छोटे से मंच से संत पापा ने जवाब दिया: “पुरोहित कहते हैं कि मुझे उम्मीद की बात कहनी चाहिए: तुम ही वह उम्मीद हो! तुम्हें यह पहचानना होगा कि तुम्हारे दिलों में, तुम्हारी ज़िंदगी में, तुम्हारी जवानी में, उम्मीद है—आज के लिए और कल के लिए।”

ओस्तिया में संत पापा बच्चों के साथ
ओस्तिया में संत पापा बच्चों के साथ   (ANSA)

संत पापा ने उनके बीच उपस्थित होने और पवित्र मिस्सा की अध्यक्षता करने के इस सुन्दर अवसर के लिए अपनी खुशी दोहराई, “जहां हम मसीह में अपने विश्वास को नया करते हैं।” “येसु हमारे साथ ज़िंदा हैं और हमें शांति, प्यार और दोस्ती में जीने की यह उम्मीद देते हैं,” उन्होंने आगे कहा, सभी के लिए शांति की कामना करते हुए: “हमारे परिवारों में शांति हो… प्रभु हमारे सभी परिवारों को आशीर्वाद दें… और हमारे बीच सचमुच शांति बनी रहे।”

एथलीट, बुज़ुर्ग और बीमार लोग

संत पापा का स्वागत जिम में एक स्थानीय बास्केटबॉल एसोसिएशन ने किया। संत पापा ने उनसे मुलाकात की, एक बॉल और जर्सी पर साइन किया और आगे की लाइनों में बैठे बीमार लोगों से मिलने के लिए रुके। एक महिला ने गर्व से बताया कि उसने अब तक चार परमाध्यक्षों का स्वागत किया है।

बुज़ुर्गों का अभिवादन करते हुए  संत पापा लियो 14वें
बुज़ुर्गों का अभिवादन करते हुए संत पापा लियो 14वें   (ANSA)

संत पापा लियो ने बताया कि वहाँ के समुदाय ने जिसतरह से उनका स्वागत किया, “यह एक असली ख्रीस्तीय समुदाय की निशानी है… जहाँ हम सब ‘स्वागत’ कहना सीखते हैं। सिर्फ़ एक शब्द के तौर पर नहीं, बल्कि एक भावना के तौर पर—जो सबके लिए दरवाज़ा खोलती है।”

स्पोर्ट्स की बात करते हुए, और मिलान-कॉर्टिना ओलंपिक्स का ज़िक्र करते हुए, उन्होंने आगे कहा: “स्पोर्ट्स हमें भाई-बहन बनना, मतभेदों को भुलाकर यह कहना सिखाता है: हम सब एक टीम के तौर पर काम करना चाहते हैं।”

हृदय परिवर्तन का बुलावा

मिस्सा के दौरान, उस पल्ली में जो जल्द ही अपनी सौवीं सालगिरह मनाएगा, संत पापा ने ईश्वर के प्रति वफ़ादारी की बात की, जो दूसरों की अटूट इज़्ज़त के लिए सम्मान और देखभाल में निहित है—जो सबसे पहले दिल में पैदा होती है।

संत पापा ने कहा, “जब हम दूसरों को जज करते हैं या उनसे नफ़रत करते हैं, तो हमें याद रखना चाहिए कि दुनिया में जो बुराई हम देखते हैं, उसकी जड़ें वहीं हैं—जहां दिल ठंडा, सख़्त और दयाहीन हो जाता है।”

संत पापा लियो ने माना कि ओस्तिया इस सच्चाई का अनुभव करता है: युवाओं में हिंसा फैलती है, जिसे ड्रग तस्करी या अपराधी नेटवर्क बढ़ावा देते हैं। जवाब में, उन्होंने समुदाय से “उदारता और हिम्मत के साथ” काम करने और सड़कों और घरों में सुसमाचार के बीज बोने का आग्रह किया।

बच्चों से मिलते हुए संत पााप लियो 14 वें
बच्चों से मिलते हुए संत पााप लियो 14 वें   (ANSA)

उन्होंने उनसे “दुर्व्यवहार और अन्याय की संस्कृति” को न मानने का आग्रह किया। इसके बजाय, संत पापा ने कहा, “सम्मान और मेलजोल फैलाएं, युवाओं की शिक्षा में अपनी ताकत और साधन का सही उपयोग करें।”

उन्होंने कहा कि पल्ली ईमानदारी, स्वागत और प्यार का स्कूल हो सकता है—“एक ऐसा प्यार जो सीमाओं से परे हो।” उन्होंने कहा कि बुराई के गुलाम लोग भी विश्वासियों के ज़रिए “प्यारे  परमेश्वर से मिल सकते हैं, सिर्फ़ वही जो दिल को आज़ाद करते हैं और हमें सच में खुश रखते हैं।”

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

16 फ़रवरी 2026, 16:05