संत पापा लियो 14वें अन्नाबा में दरिद्रों की छोटी धर्मबहनों के वृद्धाश्रम में रहने वाले बुज़ुर्गो और कर्मचारियों के साथ संत पापा लियो 14वें अन्नाबा में दरिद्रों की छोटी धर्मबहनों के वृद्धाश्रम में रहने वाले बुज़ुर्गो और कर्मचारियों के साथ   (@Vatican Media)

संत पापा : “जहाँ प्यार और सेवा की जाती है, ईश्वर वहाँ निवास करते हैं

अल्जीरिया में अपनी प्रेरितिक यात्रा के दूसरे दिन संत पापा लियो 14वें ने अन्नाबा में दरिद्रों की छोटी धर्मबहनों के वृद्धाश्रम का दौरा किया और याद दिलाया कि परमेश्वर का हृदय उन लोगों के साथ रहता है जो विनम्र हैं और अपने दैनिक जीवन में शांति चाहते हैं।

वाटिकन न्यूज

अन्नाबा, मंगलवार 14 अप्रैल 2026 : अल्जीरिया की अपनी प्रेरितिक यात्रा के दूसरे दिन, संत पापा लियो 14वें  अन्नाबा गए—यह हिप्पो के पुराने शहर की जगह है, जहाँ संत अगुस्टीन ने धर्माध्यक्ष के तौर पर सेवा की थी।

पुरातात्विक स्थल देखने के बाद, संत पापा लियो 14वें अन्नाबा में दरिद्रों की छोटी धर्मबहनों के वृद्धाश्रम में रहने वाले कई बुज़ुर्ग लोगों के साथ कुछ समय बिताए।

यह अन्नाबा की पहाड़ी पर है, जिसे लाला बौना के नाम से जाना जाता है। यह ज़रूरतमंद या बिना परिवार वाले बुज़ुर्गों का स्वागत करता है और उनकी देखभाल करता है, जिसमें मुसलमान भी शामिल हैं। संत पापा लियो का स्वागत वृद्धाश्रम की देखभाल करने वाले दरिद्रों की छोटी धर्मबहनों के समुदाय की प्रधान, सिस्टर फिलोमेना पीटर ने किया। वे संत पापा को मीटिंग रूम में ले गईं जहां लगभग 40 लोग मौजूद थे, जिनमें वृद्धाश्रम के कर्मचारी भी शामिल थे।

संत पापा खुशी और हिम्मत का ज़रिया

धर्मबहनों की प्रधान सिस्टर फिलोमिना पीटर ने संत पापा के आदर में अभिनंदन पत्र पढ़ा। सिस्टर पीटर ने कहा कि वे सन्त पापा लियो की इस मुलाकात के लिये अत्यन्त प्रसन्न हैं तथा ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करती हैं जिन्होंने सन्त पापा के दर्शन करने का सुअवसर प्रदान किया। उन्होंने कहा कि धर्मबहनें जो सम्पूर्ण विश्व में बुज़ुर्गों की सेवा करती हैं सन्त पापा और उनके मनोरथों के लिये विशेष प्रार्थना करती हैं।

उन्होंने संत पापा से कहा कि उनकी मुलाकात उनके लिये सदैव बहुत खुशी और हिम्मत का ज़रिया बनी रहेगी, जिसे वे ज़िंदगी भर संभालकर रखेंगे।

सेवानिवृत महाधर्माध्यक्ष पॉल डेसफार्जेस और संत पापा लियो 14वें
सेवानिवृत महाधर्माध्यक्ष पॉल डेसफार्जेस और संत पापा लियो 14वें   (@Vatican Media)

सिस्टर पीटर के स्वागत भाषण के बाद वृद्धाश्रम में रहने वाले अल्जीयर्स के सेवानिवृत महाधर्माध्यक्ष पॉल डेसफार्जेस ने अपनी गवाही दी। उसके बाद वहीं रहने वाले एक मुस्लिम अल्जीरियाई निवासी श्री सलाह बूचेमेल ने वृद्धाश्रम में रहने वाले कहीब 40 लोगों की ओर से संत पापा को यहाँ उनसे मिलने आने के लिए धन्यवाद दिया और वहाँ के दैनिक जीवन के बारे में संत पापा के साथ साझा किया।

ईश्वर यहाँ रहते हैं

इसके बाद संत पापा लियो ने कहा, “महा मान्यवर, प्रिय धर्मबहनों, प्रिय भाइयों और बहनों,

शुभ प्रभात! अस-सलाम अलैकुम! इस घर में मेरा स्वागत करने के लिए धन्यवाद! मुझे यहाँ आकर अपार खुशी हो रही है क्योंकि ईश्वर यहाँ रहते हैं। सच में, जहाँ भी प्यार और सेवा होती है, ईश्वर वहाँ निवास करते हैं। मैं दरिद्रों की छोटी धर्मबहनों और घर के कर्मचारियों को धन्यवाद देता हूँ। मदर फिलोमेना, आपके स्वागत के लिए धन्यवाद।”

संत पापा ने वृद्धाश्रम में रहने वाले अल्जीयर्स के सेवानिवृत महाधर्माध्यक्ष पॉल डेसफार्जेस को संबोधित कर कहा, “दिल को छू लेने वाले आपके गवाही के लिए धन्यवाद! आपकी बात सुनकर और हमारे बुज़ुर्ग भाइयों और बहनों के बीच आपकी मौजूदगी देखकर, ईश्वर की तारीफ़ करना और उन्हें धन्यवाद देना स्वाभाविक है। जैसे येसु पवित्र आत्मा में खुश हुए और कहा: “हे पिता, स्वर्ग और पृथ्वी के प्रभु, मैं तेरा धन्यवाद करता हूँ, क्योंकि तूने इन बातों को ज्ञानियों और समझदारों से छिपाकर निरे बच्चों पर प्रकट किया है; हाँ, पिता, यही तुझे अच्छा लगा।” (लूकस 10:21)

इसके बाद संत पापा लियो श्री सालाह बूचेमेल की ओर मुड़े और कहा, “मैं श्री सालाह बूचेमेल को उनकी गवाही के लिए धन्यवाद देता हूँ, जो बहुत सुंदर और सुकून देने वाली थी। मुझे लगता है कि ईश्वर, स्वर्ग से ऐसे घर को देखकर, जहाँ लोग भाईचारे के साथ एक साथ रहने की कोशिश करते हैं, कहेंगे, “यहाँ उम्मीद है!” हाँ, क्योंकि ईश्वर का दिल युद्धों, हिंसा, अन्याय और झूठ से टूट गया है। लेकिन हमारे पिता का दिल बुरे, अभिमानी या घमंडी लोगों के साथ नहीं है। ईश्वर का दिल छोटों और विनम्र लोगों के साथ है,और उनके साथ वे दिन-ब-दिन प्यार और शांति का अपना राज्य बनाते हैं, ठीक वैसे ही जैसे आप यहाँ अपनी दैनिक सेवा, दोस्ती और साथ रहकर जीवन जीने की कोशिश कर रहे हैं।”

संत पापा लियो 14वें अन्नाबा में दरिद्रों की छोटी धर्मबहनों के वृद्धाश्रम में रहने वाले कई बुज़ुर्ग लोगों के साथ
संत पापा लियो 14वें अन्नाबा में दरिद्रों की छोटी धर्मबहनों के वृद्धाश्रम में रहने वाले कई बुज़ुर्ग लोगों के साथ   (@Vatican Media)

अपने संदेश के अंत में संत पापा ने उन्हें पुनः सहृदय धन्यवाद देते हुए कहा, “प्यारी बहनों और भाइयों, इस मिलन समारोह के लिए धन्यवाद! मैं आपको अपनी प्रार्थनाओं में रखूँगा और खुशी-खुशी अपना आशीर्वाद देता हूँ।”

कुछ देर उनके साथ समय बिताने के बाद संत पापा लियो पैदल संत अगुस्टीन समुदाय गये। वहाँ उनहोंने अपने अगुस्टीनियन भाईयों के साथ व्यक्तिगत मुलाकात की और उनके साथ दोपहर का भोजन किया। संत अगुस्टीन समुदाय के घर के नजदीक ही संत अगुस्टीन का महागिरजाघर है। यहाँ कलीसिया के धर्माध्यक्ष और धर्माचार्य संत अगुस्टीन से मन्नत प्रार्थना करने हर साल, 18,000 से ज़्यादा तीर्थयात्री यहाँ आते हैं, जिनमें मुसलमान और यहूदी शामिल हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

14 अप्रैल 2026, 15:49