वाटिकन गार्डन स्थित लूर्द की गुफा के समक्ष प्रार्थना, फाईल तस्वीर वाटिकन गार्डन स्थित लूर्द की गुफा के समक्ष प्रार्थना, फाईल तस्वीर  (ANSA)

वाटिकन गार्डन्स में शांति हेतु रोज़री माला विनती का पाठ

सन्त पापा लियो 14 वें शनिवार 30 मई को वाटिकन गार्डन्स में युद्ध खत्म करने की अपनी बारम्बार की अपील के साथ, पवित्र रोज़री माला के पाठ की अध्यक्षता करेंगे।

वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 29 मई 2026 (रेई, वाटिकन रेडियो): सन्त पापा लियो 14 वें शनिवार 30 मई को वाटिकन गार्डन्स में युद्ध खत्म करने की अपनी बारम्बार की अपील के साथ, पवित्र रोज़री माला के पाठ की अध्यक्षता करेंगे।

रोज़री माला विनती का हर भेद युद्ध से प्रभावित लोगों के प्रति समर्पित रहेगा और इसके दौरान बिछड़े हुए परिवारों से लेकर मेडिकल कर्मचारियों, राहतकर्मियों एवं स्वयंसेवकों के लिये भी प्रार्थना की जायेगी।

वाटिकन में रोज़री विनती का पाठ

अपने परमाध्यक्षीय काल के आरम्भ ही से सन्त पापा लियो विश्व शांति हेतु अपनी अपीलों को दुहराते रहे हैं और लोगों से प्रार्थना का निवेदन करते रहे हैं। इसी सन्दर्भ में, सन्त पापा रोम समयानुसार, शनिवार, 30 मई को शाम 7:00 बजे, मां मरियम को समर्पित महीने के अन्त में, वाटिकन गार्डन्स स्थित लूर्द की रानी माँ मरियम को समर्पित गुफा के समक्ष पवित्र रोज़री माला के पाठ की अध्यक्षता करेंगे।

विश्व के तीर्थस्थल शामिल

तमाम विश्व के सभी लोगों और सभी पुण्य स्थलों को रोज़री की प्रार्थना में सन्त पापा लियो के साथ शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। जिन बड़े पुण्यस्थलों ने हिस्सा लेने की पुष्टि की है, उनमें शामिल हैं: यूक्रेन का मरियम तीर्थ; फिलीपिन्स में शांति की रानी मरियम को समर्पित अन्तरराष्ट्रीय पुण्यस्थल; पुर्तगाल के फ़ातिमा नगर स्थित मरियम तीर्थ; बोस्निया और हर्जेगोविना में मेज्जुगोर मरियम तीर्थ; फ्राँस स्थित लूर्द की रानी मरियम को समर्पित तीर्थस्थल; लेबनान में चारबेल अन्नाया तीर्थस्थल और इटली के लॉरेटो में परमधर्मपीठीय हाऊस ऑफ लोरेटो तीर्थस्थल।

युद्ध पीड़ितों के लिये

सन्त पापा लियो रोज़री माला विनती में सुख के पाँच भेदों का पाठ करेंगे जिसमें युद्ध एवं से पीड़ित लोगों के लिये विशेष प्रार्थना की जायेगी तथा उन्हें शांति की रानी मरियम के संरक्षण के सिपुर्द किया जायेगा। साथ ही वे चिकित्सकों, राहत कर्मियों, स्वयंसेवकों तथा युद्ध पीड़ितों में आशा और विश्वास के लिये प्रार्थना कर विश्व में शांति की याचना करेंगे।   

रोम में तीर्थयात्री और श्रद्धालु भी सन्त पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में लगी बड़ी स्क्रीन के ज़रिए प्रार्थना में हिस्सा ले सकेंगे। यह पहल सुसमाचार प्रचार सम्बन्धी परमधर्मपीठीय परिषद के  तत्वाधान में आयोजित की जा रही है।  

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

29 मई 2026, 11:05