कलीसिया को समर्थन देने हेतु इटली के राष्ट्रपति के प्रति आभार
वाटिकन सिटी
वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 (रेई, वाटिकन रेडियो): सन्त पापा लियो 14 वें ने गुरुवार को एक तार सन्देश प्रेषित कर इटली के राष्ट्रपति सेरजियो मात्तारेल्ला के 85 वें जन्मदिन पर शुभकामनाएँ अर्पित कर अपनी प्रार्थनाओं का आश्वासन दिया।
बधाई सन्देश
तार सन्देश में सन्त पापा लियो 14 वें ने इटली के “कलीसियाई और सामाजिक जीवन” पर “लगातार ध्यान” देने के लिए राष्ट्रपति महोदय के प्रति गहन आभार व्यक्त किया। इस संदेश में राष्ट्रपति मात्तारेल्ला के परिवार, उनके सहयोगियों और उनके प्रिय देश इटली के लिए सन्त पापा लियो ने शुभकामनाओं के साथ-साथ अपना प्रेरितिक आशीर्वाद भी प्रदान किया। सन्त पापा ने सम्पूर्ण इटली एवं राष्ट्रपति मात्तारेल्ला को इटली के सन्तों, असीसी के सन्त फ्राँसिस एवं सिएना की सन्त कैथरीन के संरक्षण के सिपुर्द किया।
क्वीरीनाले में सन्त पापा लियो
सन्त पापा लियो 14 वें ने 14 अक्टूबर 2025 को क्विरिनाले प्रासाद अर्थात् इटली के राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास का दौरा किया था, जहाँ उन्होंने यूरोप में परिवारों के लिए बहुपक्षीयवाद और समर्थन को महत्वपूर्ण बताते हुए इटली की जन्म दर में “निरन्तर आती गिरावट” के प्रति ध्यान आकर्षित कराया था।
इस अवसर पर उन्होंने विश्व में व्याप्त युद्धों का भी ज़िक्र किया था और लोगों से अपील की थी कि वे उन लोगों के चेहरों को देखें तथा उनकी पुकार सुनें, जो “हमारे ग्रह को तबाह करने वाले कई संघर्षों में बेरहमी से मौत और तबाही की योजना बनाने वालों की बेतुकी क्रूरता से परेशान हैं।”
“मानव व्यक्ति की केंद्रीयता”
अपनी ओर से, राष्ट्रपति मात्तारेल्ला ने सन्त पापा लियो 14 वें के मानव व्यक्ति की केंद्रीयता और सम्वाद के प्रति समर्पण पर ज़ोर दिया था। राष्ट्रपति महोदय ने सन्त पापा को भेजे गये सन्देशों में कई मौकों पर इस समर्पण को दोहराया और उसकी सराहना की है। इनमें एक सन्देश सन्त पापा लियो 14 वें के परमाध्यक्षीय काल की शुरुआत की पहली सालगिरह और दूसरा पास्का महापर्व के उपलक्ष्य में भेजा गया था।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.
