लौदातो सी गांव ने द्वितीय विश्व युद्ध की बमबारी के पीड़ित देशों को याद किया
वाटिकन न्यूज
कास्टेल गंडोल्फो, शनिवार 21 फरवरी 2026 : लौदातो सी’ उच्चतर शिक्षा केंद्र के प्रशासकीय निदेशक फादर मानुएल दोरांतेस ने कहा, “1944 की दुखद घटना हमें याद दिलाती है कि जब नफरत हावी होती है तो क्या होता है। आज याद करने का मतलब है साफ-साफ कहना: युद्ध कभी कोई हल नहीं है।”
फादर दोरांतेस बोर्गो लौदातो सी’ में एक शांति जुलूस में बोल रहे थे, जिसे कास्टेल गंडोल्फो के पोंटिफिकल विला के उद्यान में 10 फरवरी 1944 को हई बमबारी की याद में आयोजित किया गया था, जिसमें वहां शरण लिए हुए 500 से 700 लोगों की जान चली गई थी।
युद्ध के समय दरवाज़े खोलें
कास्टेल गंडोल्फो और आस-पास के पहाड़ी कस्बों के दर्जनों विद्यार्थियों, नागरिकों और स्थानीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए, फादर दोरांतेस ने 82 साल पहले की घटनाओं को याद किया, जब दूसरे विश्व युद्ध के दौरान, एलाइड देशों के बम उन आश्रयों पर गिरे थे जिनमें हज़ारों बेघर नागरिक रह रहे थे।
फादर दोरांतेस ने कहा, “ये लोग सिर्फ़ एक सुरक्षित जगह ढूंढ रहे थे। वे सुरक्षा चाहते थे।” संत पापा पियुस बारहवें ने उनका स्वागत किया था, फिर भी कई लोगों को “मौत मिली।”
फादर दोरांतेस ने इस बात पर ज़ोर दिया कि संत पापा ने “कोई भाषण नहीं दिया”। इसके बजाय, “उन्होंने दरवाज़े खोले। उन्होंने जगह उपलब्ध कराई। उन्होंने जानें बचाईं। यही बात फ़र्क लाती है: मूल्यों को ठोस काम में बदलना।”
भविष्य का बनना
आज, उसी जगह पर, बोर्गो लौदातो सी’ बन रहा है। शिकागो में जन्मे फादर दोरांतेस ने कहा, “जहां कभी पनाह दी जाती थी, वहां अब भविष्य बन रहा है: विश्वास, शिक्षा, सस्टेनेबिलिटी, सामाजिक समावेश” “यह सिर्फ जगह की निरंतरता नहीं है, बल्कि मतलब की निरंतरता है। कल ज़िंदगी बमों से सुरक्षित थी। आज ज़िंदगी बेपरवाही, अन्याय और धरती और लोगों के शोषण से सुरक्षित है।”
फादर दोरांतेस ने बताया कि संत पापा लियो 14वें ने असीसी के संत फ्रांसिस की 800वीं सालगिरह मनाने के लिए 2026 को जुबली साल घोषित किया है। फादर दोरांतेस ने कहा, “फ्रांसिस आप में से कई लोगों की तरह एक जवान युवा था: उसके भी अपने सपने और अभिलाषायें थी; वह सबसे अलग दिखना चाहता था।” “वह जंग में गया। उसने हिंसा देखी और उसने एक मौलिक सच को समझा: हिंसा भविष्य नहीं बनाती, बल्कि बर्बाद करती है।”
युद्ध से प्रभावित जगहों को शांति की जगहों में बदलना
यहां, बोर्गो लौदातो सी में, निदेशक फादर मानुएल दोरांतेस ने यह कहते हुए अपने संदेश को विराम दिया, "हम ठीक यही सीखना चाहते हैं: युद्ध से प्रभावित जगहों को शांति की जगहों में, मतभेदों को समृद्धि में, झगड़ों को तरक्की के मौकों में बदलना। शांति यहीं से शुरू होती है। यह हममें से हर एक से शुरू होती है।"
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here