दिल्ली के पुराने इलाके में घातक विस्फोट दिल्ली के पुराने इलाके में घातक विस्फोट 

नई दिल्ली हमले के बाद भारतीय धर्माध्यक्षों ने शांति के लिए प्रार्थना का आह्वान किया

भारत के धर्माध्यक्ष सोमवार को नई दिल्ली में हुए आतंकवादी हमले के बाद शांति और सतर्कता का आह्वान कर रहे हैं, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई।

वाटिकन न्यूज

नई दिल्ली, बुधवार 12 नवम्बर 2025 : भारत में पुलिस ने सोमवार को नई दिल्ली में हुए एक कार बम विस्फोट के सिलसिले में दक्षिणी कश्मीर में कम से कम पाँच लोगों को गिरफ़्तार किया है। इस विस्फोट में आठ लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे।

इस बम विस्फोट की जाँच एक आतंकवादी हमले के रूप में की जा रही है, संभवतः यह भारतीय उपमहाद्वीप के सबसे उत्तरी भाग में स्थित कश्मीर को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव से जुड़ा है। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा बलों का दावा है कि उन्होंने नई दिल्ली के बाहर एक "संदिग्ध आतंकवादी गिरोह" को ध्वस्त कर दिया है, सात कथित आतंकवादियों को गिरफ़्तार किया है और कई हथियारों के साथ-साथ बम बनाने की सामग्री भी ज़ब्त की है।

मंगलवार को, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में एक आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम 12 लोग मारे गए और दर्जनों अन्य घायल हो गए। हालाँकि इन हमलों के बीच कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं हुआ है, लेकिन लगातार कई दिनों तक हुए बम विस्फोटों ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा दिया है।

बुधवार को वाटिकन की फीदेस समाचार एजेंसी ने खबर दी कि भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन (सीबीसीआई) ने एक बयान जारी कर नई दिल्ली हमले में "निर्दोष लोगों की मौत और घायलों के प्रति गहरा दुख" व्यक्त किया है और श्रद्धालुओं से "जागृति बनाए रखने और प्रार्थना करने" का आह्वान किया है।

बयान में कहा गया है, "हमारी संवेदनाएँ और प्रार्थनाएँ उन सभी के साथ हैं जो इस समय अपार पीड़ा झेल रहे हैं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करते हैं।" धर्माध्यक्ष देश भर के नागरिकों से "सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना देर किए पुलिस को देने" का आग्रह कर रहे हैं, और आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में राष्ट्रीय एकता की आवश्यकता पर बल दे रहे हैं। वे पल्ली पुरोहितों से भी "गिरजाघऱ के परिसर में या उसके आस-पास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु के बारे में सक्षम अधिकारियों को सूचित करने" का आग्रह कर रहे हैं।

धर्माध्यक्षीय सम्मेलन ने बयान का समापन करते हुए कहा, "आइए हम एक समुदाय के रूप में एकजुट रहें; शांति बनाए रखें और सभी नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करें। आइए हम अपने प्रिय राष्ट्र में शांति और सुरक्षा के लिए प्रार्थना करते रहें।"

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.

12 नवंबर 2025, 16:32