खोज

कहानी

ग्रह के धड़कते दिल के लिए पेड़ लगाना

ग्रामीण क्षेत्रों, पहाड़ों, मैदानों, शहरी क्षेत्रों को फिर से जोड़ना, जंगलों और पहाड़ों का पुनर्निर्माण करना, सही जगहों पर सही पेड़ों की देखभाल करना, विश्व समुदायों की प्राकृतिक सुंदरता को फिर से बनाने में सक्षम 'पारिस्थितिक मार्ग' बनाना, ये सभी जलवायु परिवर्तन और बढ़ते वायुमंडलीय प्रदूषण को रोकने हेतु अल्बेरइतालिया फाउंडेशन की प्रतिबद्धता है।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

मोन्तेमानो, इटली शुक्रवार 15 जुलाई 2022 (वाटिकन न्यूज) : 24 सितंबर 2018 की रात के करीब 10 बजे थे, जब पीसा के आसपास की पहाड़ियों में कैल्सी जंगल जलने लगा। आगजनी करने वालों द्वारा प्रज्वलित, यह आग गर्मी, आर्द्रता और 30 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं ने 1,200 हेक्टेयर से अधिक भूमि को तबाह कर दिया और पड़ोसी शहरों, विशेष रूप से मोन्तेमानो में रहने वाले लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा था और उन्होंने जिम और स्कूलों में शरण ली। उन्हें डर था कहीं तेज हवा उनके घरों को भी जला ना डाले।

दमकलकर्मियों ने बच्चों समेत 700 से ज्यादा लोगों को बचाया। श्वास लेने की तकलीफ वाले  कई बुजुर्गों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आग की लपटें आसमान को छूती थीं। आग पर पूरी तरह से काबू पाने में करीब चार दिन का समय लगा। इस क्षेत्र के लोगों के लिए एक खुला घाव और इस क्षेत्र के वनस्पतियों और जीवों को भारी नुकसान हुआ। सदियों पुराने देवदार मक्खियों की तरह गिर रहे थे, क्रूरता का एक 'तमाशा' जिसे कोई भी देखना नहीं चाहेगा।

टस्कनी क्षेत्र ने पुनर्निर्माण कार्य और जले हुए पेड़ों को हटाने के लिए, जलविज्ञान ढांचे के पुनर्निर्माण और पहली बारिश के साथ पानी को बड़े पैमाने पर बाढ़ से बचाने के लिए आवश्यक कार्यवाही के लिए तुरंत 200,000 यूरो आवंटित किए। उस घटना के लगभग चार साल बाद, अब अल्बेरइतालिया ने बांका एटिका और वन समुदाय के साथ जन सहयोग के माध्यम से, क्षतिग्रस्त जंगलों के पुनर्निर्माण के लिए एक परियोजना शुरू की है: एक हेक्टेयर में चीड़ पेड़ के बदले कॉर्क और होल्म ओक पेड़ लगाये जायेंगे, जो आग को सहन कर पाते हैं। भविष्य में आग से जंगल की रक्षा करने के लिए तकनीशियनों और वानिकी डॉक्टरों द्वारा रिक्त स्थानों में पेड़ लगाने के लिए डिजाइन किए गए हैं।

जंगल में आग
जंगल में आग

हर इतालवी के लिए एक पेड़

2019 में फ्लोरेंस के जॉर्जोफिली अकादमी में एक बैठक के दौरान अल्बेरइतालिया फाउंडेशन ने स्लो फूड के संस्थापक कार्लो पेट्रिनी और रिएती के धर्माध्यक्ष दोमेनिको पॉम्पिली के लॉडाटो सी समुदाय की ओर से अपील का जवाब देते हुए कई ऐसी पहल शुरू की, उनमें से एक है जलवायु संकट से निपटने के लिए प्रत्येक इटली वासी के लिए एक पेड़ लगाना। "जैसा कि आप आसानी से अनुमान लगा सकते हैं, जंगलों और व्यक्तिगत पेड़ों के इर्द-गिर्द घूमने वाले कई मुद्दे हैं।" फाउंडेशन के सलाहकार और पूर्व स्लो फूड इटली सस्टेनेबल फॉरेस्ट मैनेजर गैब्रिएल लोकाटेली, कहते हैं।

"पेड़ वातावरण से कार्बनडाईऑक्साइड को अवशोषित करने, ऑक्सीजन छोड़ने जैसे मौलिक कार्य करते हैं। लेकिन वे प्रकृति और परिदृश्य के संरक्षण के लिए आवश्यक तत्व भी हैं, भूवैज्ञानिक व्यवधान का मुकाबला करने के लिए अपूरणीय गैरीसन, हमारे ग्रह पर जीवन का आधार है। पेड़ों के चारों ओर जो गुरुत्वाकर्षण है वह सामाजिक, स्थानीय और वैश्विक निहितार्थ के लिए भी महत्वपूर्ण है। हमारा मिशन सभी को यह समझाना है कि हमारा जीवन पेड़ों के साथ कितना जुड़ा हुआ है, जो उस पारिस्थितिक रूपांतरण के पहले सच्चे एजेंट हैं। संत पापा फ्राँसिस ने लौदातो सी में भी इसे कहा है।"

पर्यावरण पारिस्थितिकी

युद्ध के बाद से, इटली ने अपने वन क्षेत्र में 60 प्रतिशत की वृद्धि की है, "लकड़ी के मुख्य संसाधकों में से होने के पर भी, हम विदेशों से 80 प्रतिशत से अधिक लकड़ी का आयात करते हैं, इसलिए सही सूचना, प्रदान करना आवश्यक है। पर्यावरण पर जोर देने के लिए, और अधिक सख्ती से वानिकी, पारिस्थितिकी जिसमें पेड़ को एक अद्वितीय 'सार' के रूप में नहीं देखा जाता है, बल्कि हमारी इस पृथ्वी के हिस्से के रूप में देखा जाता है। इस अर्थ में, लौडातो सी विशेष रूप से नई पीढी के लिए एक असाधारण उपकरण है जो पर्यावरण के मुद्दों में रुचि नहीं रखती हैं। अब कई लोग महसूस करते हैं कि जिस रूपांतरण के बारे में संत पापा फ्राँसिस बात करते हैं वह उनके दिलों में जीवित हो गया है। विश्वपत्र हमें हर दिन चुनौती देता है और हर दिन इस संबंध में हमारे पास अनुरोध आते हैं। एक उदाहरणः कुछ समय पहले, मारिया इम्माकोलाता आवासीय समुदाय ने हमें बुलाया। इस समुदाय में संकट में पड़े जरूरतमंद माताओं और बच्चों को रखा जाता है। उन्होंने हमें मधुमक्खियों के लिए एक जंगल बनाने के लिए कहा जिससे कि वे मधु का उत्पादन कर सकें। एक जंगल जहाँ विभिन्न तरह के फूलों के पेड़ होंगे। ‘लौदातो सी’ के नाम पर, एक छोटी दुनिया होगी, जहां छोटे बच्चे उन मधु मक्खियों के साथ खेलते हुए बढेंगे, जो उनकी असाधारण पूर्णता और मेहनतीपन के लिए जाने जाते हैं, और उनसे वे यह भी सीख सकते हैं कि कैसे संबंध बनाना है।"

मधुमक्खियों के लिए जंगल
मधुमक्खियों के लिए जंगल

एक पेड़ को जीवित रखने के सामाजिक लाभ

अल्बेरइतालिया में स्वयंसेवकों, पेशेवरों, साधनों और भरोसा करने वाला एक ठोस नेटवर्क है, लेकिन परिचालन पहलू के अलावा, यह हमेशा पर्यावरण शिक्षा के लिए समय समर्पित करने का प्रयास करता है। लोकाटेली कहते हैं, "एक जंगल को जीवित रखने का मतलब उस क्षेत्र में रहने वाले समुदाय को जीवित रखना है। पेड़ उस हवा से जुड़ा हुआ है जिसमें हम सांस लेते हैं, भोजन से, उस सामग्री से जिससे हम खुद को गर्म करते हैं या फर्नीचर से जिससे हम अपने घर का निर्माण करते हैं। मनुष्य ने हमेशा पेड़ों से अपनी जीविका ली है, लेकिन अब ऐसा लगता है कि उन पेड़ों का बुद्धिमानी से उपयोग करके 'एहसान' वापस करना होगा। साथ ही, जहां एक पेड़ है, एक घर है, एक पार्क है, वहां हमेशा समुदाय है, सामाजिकता बनती है। मार्च से अक्टूबर तक, हम अपना खाली समय बाहर, हरी-भरी जगहों पर बिताते हैं, खासकर अगर हमारे साथ हमारे बच्चे हैं। इसलिए हमारा मिशन न केवल उन जगहों पर जंगलों का पुनर्निर्माण करना है जहां मनुष्य या आपदाओं ने उन्हें नुकसान पहुंचाया है, बल्कि यह भी है कि शहरों के आसपास समुदायों को फिर से बनाना, सीमेंट ब्लॉकों के बगल में शहरी जंगलों का निर्माण करना, पहले प्रदूषण से लड़ने में मदद करना और हवा में कार्बनडाईऑक्साइड की उपस्थिति को कम करना, फिर गर्मी को अवशोषित करना, क्योंकि शहरी क्षेत्र में भी पेड़ एयर कंडीशनर के समान कार्य करता है।"

छायादार रास्ते
छायादार रास्ते

पौधों की देखभाल और सुंदरता के लिए शिक्षित करना

अलबेरइतालिया के विचारों में, दुनिया में आने वाले हर बच्चे के लिए एक पेड़ लगाना, बाद में बड़े होने पर उन्हें बताना, 'वह पेड़ आपके लिए लगाया गया था!' यह पर्यावरण के साथ एक वफादार बंधन और जीवन के प्रमुख मूल्यों के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देता है। श्री लोकाटेली एमिलिया रोमाना में एक क्षेत्रीय उद्यान केंद्र चलाते हैं जहाँ सभी प्रकार की प्रजातियों को लगाया जाता है। वे कहते हैं, "एक पेड़ लगाना एक ऐसी चीज है जो हमेशा संतुष्टिदायक और आश्चर्यचकित करती है। आप एक और जीवन को जन्म दे रहे हैं, जैसा कि माताएं अपने बच्चों को जन्म देती हैं, वे जानती हैं कि बच्चे को बड़ा करना एक बड़ा बलिदान है, लेकिन साथ में उन्हें अपार आनंद मिलता है। कुछ चीड़ का बीज ढूंढना, उन्हें जमीन में रोपना और उन्हें धीरे-धीरे बढ़ते हुए देखना, यह कितना अद्भुत है और आनंद देता है।

एक चीड़ के पेड़ को एक मीटर ऊंचाई तक पहुंचने में लगभग 5 साल लगते है। इसे पूरी तरह से बढ़ने में 40 से 50 साल लगता है और फिर यह औसतन 150 से 200 साल तक जीवित रहता है। इसमें धैर्य और देखभाल की जरूरत होती है, जबकि आधे घंटे में हम दो पेड़ों को एक साथ काट सकते हैं। जब मैं प्रकृति की भलाई के प्रति समर्पण का एक उदाहरण सोचता हूँ, तो निश्चित रूप से हमारे अपने संत फ्रांसिस असीसी और कैमलडोली के भिक्षुओं को याद करता हूँ। संत बेनेडिक्ट धर्मसमाज के कैमलडोली समुदाय के पास एक ही प्याले से पीने वाले दो कबूतर हैं, जो पूर्वी और पश्चिमी संस्कृतियों के मिलन के प्रतीक के रूप में हैं। विशेष रूप से बेनेडिक्ट भिक्षुओं ने हमेशा जंगल की देखभाल की है। उन्हें 1520 में सिल्विकल्चर पर पहले ग्रंथ का श्रेय दिया जाता है। यह मास्टर रूल है जिसमें सामान्य रूप से पर्यावरण के साथ और विशेष रूप से जंगल के साथ संबंध स्पष्ट रूप से विनियमित होते हैं। इस लिए 'कैमलडोलिस फॉरेस्ट्री कोड' दिया गया है। यह मनुष्य और प्रकृति के बीच संबंधों की पारस्परिकता और जंगल की देखभाल में पालन किए जाने वाले सार्वभौमिक और अटूट सिद्धांत का एक ज्वलंत संकेत है: उनके लिए, देवदार के पेड़ लगाना एक तरह का धन्यवाद देना था, क्योंकि देवदार के पेड़ की तरह ईश्वर और स्वर्ग की ऊंचाइयों तक पहुंचने की संभावना भी थी।”

कैमलडोली का मठ, देखने में एक हरा नखलिस्तान
कैमलडोली का मठ, देखने में एक हरा नखलिस्तान

जारी प्रोजेक्ट

तो, इसका मतलब है कि 60 मिलियन पेड़ लगाए जाने हैं, लेकिन बिना सोचे समझे नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना कि उन्हें उनके लिए सबसे उपयुक्त वातावरण में रखा जाए और सही तरीके से बढ़ने में मदद की जाए। यह एक चुनौती है।  फाउंडेशन की वेबसाइट 'हाउ टू प्लांट ए ट्री' पर गाइड ने काफी उत्साह पैदा किया है। फाउंडेशन की परियोजनाओं में, हालांकि, वनों की देखभाल और संरक्षण भी है, वन विरासत का पुनर्निर्माण जैसे कि कैल्सी या विकोपियानो, या पावोनेगियो (ट्रेंटो) जहां तूफान वाइया ने हजारों पेड़ों को क्षतिग्रस्त कर दिया था।

एड्रिया में, एक नए शहरी पार्क पर काम शुरू हो गया है; बकोली (नेपल्स) में, एक परित्यक्त शहरी क्षेत्र को पुनः निर्मान किया जाएगा। इन राष्ट्रव्यापी परियोजनाओं में डोसोलो (मंटोवा) के पास, ‘लाइफ तेर्रा’ एक अंतर्राष्ट्रीय वृक्षारोपण परियोजना है। दूसरी ओर, सेसेना में जिसे हाल ही में विश्व के ट्री सिटी के रूप में दर्जा दिया गया था, एक परियोजना जल्द ही शहरों के युवाओं के लिए खाद्य उत्पादन और जिम्मेदार खपत में शिक्षा के लिए शहरी जंगलों के निर्माण करेगी। तकनीकी कृषि संस्थान की एक पहल जो ग्रह के जंगलों की सुरक्षा के साथ अच्छे और शुद्ध भोजन के महत्व को जोड़ती है। एक सच्ची अभिन्न पारिस्थितिक साक्षरता परियोजना जो स्कूल की दीवारों से परे जाकर एक प्रकार का 'ग्रीन एक्यूपंक्चर' बन जाता है, जो कृषि और जंगल के बीच एक संतुलित संबंध स्थापित करके पूरे समुदाय में भलाई का संचार करता है, कृषि हमेशा ग्रह के लिए अच्छी होती है!

 

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

15 July 2022, 13:53