नाइजीरिया के प्रेरितिक राजदूत: 'राज्य को सभी के अधिकारोंव संपत्ति की रक्षा करनी चाहिए'
माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी
मिन्ना, बुधवार 18 जनवरी 2023 (वाटिकन न्यूज) : "चुनावों की निकटता, आतंकवाद, जातीय संघर्ष और संगठित अपराध कुछ ऐसे कारक हैं जो देश को विशेष रूप से अस्थिर बनाते हैं।"
नाइजीरिया के प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष अंतोनियो गुइदो फिलिपाज़ी ने वाटिकन न्यूज़ 'अंतोनेला पलेर्मो के साथ एक साक्षात्कार में नाइजीरिया के संदर्भ में यह अवलोकन किया। उनकी बातचीत मिन्ना काथलिक धर्मप्रांत में रविवार तड़के एक पल्ली निवास पर हमले के बाद हुई, जिसमें फादर इसहाक अची को भयानक तरीके से अपनी जान गंवानी प़ड़ी। डाकुओं ने पैकोरो क्षेत्र के काफिन-कोरो में संत पेत्रुस और पौलुस पल्ली के पुरोहितों के आवास को निशाना बनाया। फादर अची को जिंदा जला दिया गया, जबकि सहायक पल्ली पुरोहित फादर कोलिन्स ओमेह को भागने की कोशिश के दौरान गोली लगी और वह घायल हो गया। वह अस्पताल में है और उसका उपचार किया जा रहा है।
महाधर्माध्यक्ष फिलिपाज़ी ने हिंसा पर विचार किया, यह देखते हुए कि कई विवरण अभी भी अज्ञात हैं और अभी भी बेहतर ढंग से समझने की आवश्यकता है। हालाँकि, उन्होंने पूरे देश में स्थिति पर प्रकाश डाला।
हिंसा को बढ़ावा देने वाले कारक
प्रेरितिक राजदूत ने कहा, "सबसे पहले महत्वपूर्ण चुनाव होने में कुछ ही सप्ताह बाकी है, इस चुनाव द्वारा इस महान देश का नेतृत्व करने के लिए एक नया राष्ट्रपति मिलेगा और इसलिए चुनाव हमेशा अस्थिरता लाता है।"
उन्होंने कहा, "देश इतना बड़ा है और ऐसे कई कारक हैं जोदेश को हिंसा की ओर ले जाते हैं: आतंकवाद, जातीय संघर्ष, संगठित अपराध... यह सब, एक आर्थिक संदर्भ में भी जो निश्चित रूप से फल-फूल नहीं रहा है। अगर हम इन सभी पहलुओं को मिलाकर देखें, तो हम पायेंगे कि स्थिति वास्तव में कितनी गंभीर है।"
सबसे कमजोर बेबस लोग
"जाहिर है," महाधर्माध्यक्ष फिलिपाज़ी ने कहा, "जो सबसे ज्यादा पीड़ित हैं उनके पास खुद को बचाने की कोई संभावना नहीं है और क्योंकि वे ऐसे क्षेत्रों में रहते हैं जो अधिक वंचित, कम संरक्षित हैं। लेकिन मैं कहूंगा कि, हिंसा अंधी होती है। जब हिंसा भड़कती है, तो यह किसी के चेहरे को नहीं देखती है और समाज के सभी क्षेत्रों में हमला करती है।"
महाधर्माध्यक्ष ने स्वीकार किया कि यह सभी क्षेत्रों में हमला करती है और सभी धर्मों के लोगों पर प्रहार करती है।
राज्य की जिम्मेदारियां
प्रेरितिक राजदूत ने भी इस कठिन समय में नाइजीरिया के लिए अपनी आशाओं को साझा किया।
"मेरा मानना है कि हमें आशा और प्रार्थना करनी चाहिए। सबसे पहले, नाइजीरियाई जानते हैं कि वे इस स्थिति पर प्रतिक्रिया देने वाले पहले व्यक्ति हैं, कि उनका राज्य एक ऐसा राज्य होना चाहिए जो सभी नागरिकों के अधिकारों और संपत्ति की रक्षा करने में सक्षम हो।"
"यह हर किसी का उद्देश्य होना चाहिए।" महाधर्माध्यक्ष फिलिपाज़ी ने अंत में कहा, " एक ऐसा राज्य जो इस मिशन को पूरा करने में सक्षम हो और यह निश्चित रूप से हर किसी का काम है, जिसकी शुरुआत उन लोगों से होती है जिनके पास सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।"