खोज

2020.10.01 वाटिकन विदेश सचिव महाधर्माध्यक्ष पॉल रिचर्ड गल्लाघेर 2020.10.01 वाटिकन विदेश सचिव महाधर्माध्यक्ष पॉल रिचर्ड गल्लाघेर  

वाटिकन विदेश सचिव महाधर्माध्यक्ष गल्लाघेर अल्बानिया का दौरा करेंगे

अल्बानिया के विदेश मंत्री के निमंत्रण पर वाटिकन के विदेश सचिव महाधर्माध्यक्ष गल्लाघेर 18 से 20 मार्च तक देश की यात्रा करेंगे।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

वाटिकन सिटी, शनिवार 18 मार्च 2023 (वाटिकन न्यूज) : वाटिकन के विदेश और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के संबंधों के सचिव, महाधर्माध्यक्ष पॉल रिचर्ड गल्लाघेर शनिवार को अल्बानिया की यात्रा कर रहे हैं। वे यूरोप और विदेश मामलों के मंत्री, ओल्ता झाक्का के निमत्रण पर, साथ ही अल्बानिया धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष, महाधर्माध्यक्ष अंजेलो मास्साफ्रा के अनुरोध पर देश का दौरा कर रहे हैं। 21 सितंबर 2014 को संत पापा फ्राँसिस की तिराना यात्रा और 25 अप्रैल 1993 को संत पापा जॉन पॉल द्वितीय की ऐतिहासिक यात्रा की स्मृति अभी भी देश में जीवित है।

महाधर्माध्यक्ष गल्लाघेर सबसे पहले तिराना पहुंचेंगे, जहां वे श्री झाक्का से मिलेंगे। वहाँ से वे स्कूटरी जाएंगे और महागिरजाघऱ में ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे और उसके बाद महाधर्माध्यक्ष कम्युनिस्ट शासन द्वारा सताए गए लोगों को समर्पित शहीदों के संग्रहालय का दौरा करेंगे। 19 रविवार को वे रेशेन के महागिरजाघर में ख्रीस्तयाग अर्पित करेंगे और देश के धर्माध्यक्षों से मुलाकात करेंगे। फिर, सोमवार 20 तारीख को, वे तिराना में देश के धार्मिक नेताओं के साथ-साथ गणतंत्र की विधानसभा की अध्यक्ष लिंडिता निकोला से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों के बाद, वे अच्छी परामर्शदाता माता मरियम को समर्पित काथलिक विश्वविद्यालय, काथलिक महागिरजाघर, ऑरथोडोक्स महागिरजाघर और राजधानी शहर की मुख्य मस्जिद का दौरा करेंगे।

1945 से, साम्यवादी शासन के आगमन के साथ ही प्रेरितिक प्रतिनिधि, मोन्सिन्योर लियोन निग्रिस के निष्कासन और उनके उत्तराधिकारी की दुखद मौत के बाद यह पद खाली रहा। धन्य धर्माध्यक्ष फ्रानो गजिनी, जिन्हें 1948 में रोम से अलग एक राष्ट्रीय कलीसिया बनाने के लिए अल्बानियाई नेता एनवर होक्सा के आदेश का पालन करने से इनकार करने पर गोली मार दी गई थी। साम्यवादी तानाशाही के पतन के बाद 7 सितंबर 1991 को परमधर्मपीठ और अल्बानिया के बीच राजनयिक संबंध फिर से स्थापित हुए। परमधर्मपीठ ने 1920 में अल्बानिया में एक प्रेरितिक प्रतिनिधिमंडल स्थापित किया।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

18 March 2023, 15:26