खोज

पोर्ट-औ-प्रिंस में गिरोह की हिंसा से भाग रहे निवासी पोर्ट-औ-प्रिंस में गिरोह की हिंसा से भाग रहे निवासी 

हैती में गिरोहों ने छह धर्मबंधुओं और एक पुरोहित को बंदी बना लिया

जैसा कि कैरेबियाई राष्ट्र में गिरोह युद्ध जारी है, हैती में कलीसिया के लोग पवित्र हृदय धर्मसंघ के छह धर्मबंधुओं और एक पुरोहित की तत्काल रिहाई का आग्रह कर रहे हैं, जिन्हें शुक्रवार को पोर्ट-औ-प्रिंस में अपहरण कर लिया गया था।

वाटिकन न्यूज

पोर्ट-ऑ-प्रिंस, 26 फरवरी 2024 : स्थानीय कलीसिया के सूत्रों ने बताया कि हैती में लगातार बढ़ती सामूहिक हिंसा के बीच, 23 फरवरी को हैती की राजधानी पोर्ट-औ-प्रिंस में छह काथलिक धर्मबंधुओं और एक पुरोहित का अपहरण कर लिया गया।

बंधकों की तत्काल रिहाई के लिए अपील

पवित्र हृदय के धर्मबंधुओं के धर्मसमाज के छह धर्मबंधुओं का शुक्रवार की सुबह एक सशस्त्र समूह द्वारा अपहरण कर लिया गया था, जब वे पोर्ट-ऑ-प्रिंस से इकोले जोन तईस्वें की यात्रा कर रहे थे। यह एकमात्र स्कूल है जो अभी भी उच्च जोखिम वाले क्षेत्र में संचालित हो रहा है। उसी दिन बाइसेन्टेनेयर शहर के फातिमा की माता मरियम गिरजाघर में पवित्र मिस्सा समारोह का अनुष्ठान करने के तुरंत बाद एक पुरोहित का भी अपहरण कर लिया गया।

एक बयान में हैती के धर्मसंघी पुरुषों और महिलाओं ने उनकी तत्काल रिहाई और देश में सामूहिक हिंसा और असुरक्षा के संकट को समाप्त करने का आग्रह किया। अपहरण की यह घटना संत अन्ना की धर्मसमाज की छह धर्मबहनों की रिहाई के ठीक एक महीने बाद हुई है, जिन्हें 19 जनवरी को बंदूकधारियों ने अन्य दो लोगों के साथ एक बस में अपहरण कर लिया था।

वे हैती में अपहरण की लंबी श्रृंखला में नवीनतम हैं, जो लंबे समय से क्षेत्र पर नियंत्रण के लिए विभिन्न आपराधिक गिरोहों द्वारा हिंसा की चपेट में है।

घायल धर्माध्यक्ष डुमास की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार

गिरोह के झगड़े कलीसिया के लोगों को भी नहीं बख्शते, जैसा कि विस्फोट से पुष्टि हुई है कि 28 जनवरी को एंसे-ए-व्यू-मिरागोएन के धर्माध्यक्ष पियरे-आंद्रे डुमास, जो हाईटियन धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के उपाध्यक्ष भी हैं, पोर्ट-ऑ-प्रिंस की यात्रा के दौरान जिस घर में रुके थे वहाँ विस्फोट होने के कारण घायल हो गए थे।

स्थानीय कलीसिया के सूत्रों ने बताया कि धर्माध्यक्ष डुमास की सर्जरी हुई है और उनके स्वास्थ्य स्थिति में अब सुधार हो रहा है और अब उन्हें मियामी, फ्लोरिडा के एक अस्पताल में स्थानांतरित किए जाने की उम्मीद है।

जुलाई 2021 में कोलंबियाई भाड़े के सैनिकों के एक समूह द्वारा राष्ट्रपति जोवेनेल मोइसे की हत्या के बाद से हैती में गिरोह युद्ध में नाटकीय रूप से वृद्धि हुई है। हत्या से देश में आपराधिक नियंत्रण बिगड़ गया और आज निर्दोष नागरिकों को नियमित रूप से मार दिया जाता है, बलात्कार किया जाता है और फिरौती के लिए रखा जाता है।

धर्माध्यक्षों ने सुरक्षा की मांग की

हाईटियन धर्माध्यक्षों ने हैती में सुरक्षा की बहाली के लिए बार-बार अनुरोध किया है और हाल ही में एक बयान में प्रधान मंत्री एरियल से "राष्ट्र की भलाई के लिए" पद छोड़ने का आह्वान किया है, साथ ही हैती वासियों से हिंसा न करने का आग्रह किया है।

 

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

26 February 2024, 16:56