खोज

फिलीपीन्स में राखबुध फिलीपीन्स में राखबुध 

फिलीपीनी कलीसिया ने चालीसा और रमजान की शुरुआत एक साथ होने पर एकता पर जोर दिया

चालीसा काल और रमजान एक ही दिन शुरू हो रहे हैं, इसलिए फिलीपींस में कलीसिया के धर्मगुरू इस पल को मुसलमानों और ख्रीस्तीयों के लिए प्रार्थना, एकता और आपसी समझ को गहरा करने के एक खास मौके के रूप में देख रहे हैं।

वाटिकन न्यूज

फिलीपींस, बृहस्पतिवार, 12 फरवरी 2026 (रेई) : इस साल चालीसा काल और रमजान एक ही दिन शुरू हो रहे हैं, इसलिए फिलीपींस में काथलिक और मुस्लिम समुदायों को इसे प्रार्थना, उपवास और मन-परिवर्तन के समय के रूप में व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रमजान पैगंबर मुहम्मद पर कुरान के पहले खुलासे की याद में मनाया जाता है, जबकि चालीसा काल काथलिक विश्वासियों को येसु ख्रीस्त के दुःखभोग, मृत्यु और पुनरूत्थान की याद दिलाता है।

रमजान 17 फरवरी की शाम को शुरू हो रहा है, लेकिन रोजे का पहला पूरा दिन बुधवार, 18 फरवरी को शुरू होगा, जो चांद दिखने पर निर्भर करता है। वहीँ काथलिक विश्वासी 18 फरवरी को राखबुध के साथ चालीसा काल की यात्रा शुरु करेंगे।

जिन देशों में मुस्लिम और ख्रीस्तीय साथ-साथ रहते हैं, वहाँ कलीसिया के धर्मगुरूओं का कहना है कि यह मेल अक्सर कम होता है और यह एक पवित्र समय है जब हम चिंतन करते हैं और साथ मिलकर ईश्वर की ओर आगे बढ़ते हैं, जो "दयालु और करुणावान" हैं।

कृपा से भरा अवसर

दक्षिणी फिलीपींस से, किडापावन के धर्माध्यक्ष जोस कॉलिन बागाफोरो, जो फिलीपींस के काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अंतरधार्मिक वार्ता विभाग के अध्यक्ष हैं, इस अवसर के आध्यात्मिक महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, "यह साझा शुरुआत एक कृपा है।" "यह हमें रूकने, ईश्वर के पास लौटने और विश्वास में साथ चलने के लिए बुला रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "इस पावन अवधि में, मुसलमान और ख्रीस्तीय प्रार्थना, उपवास, पश्चाताप और उदारता के समय में प्रवेश करते हैं। हम अपने दिलों को दयालु ईश्वर की ओर मोड़ते हैं। हम एक-दूसरे को भाई-बहन के रूप में देखना फिर से सीखते हैं।"

दोनों परंपराओं के पवित्र ग्रंथों पर चिंतन करते हुए, धर्माध्यक्ष ने याद किया: “हमारे धर्मग्रंथ हमें शांति के लिए बुलाते हैं: ‘धन्य हैं वे जो मेल कराते हैं!’ (मती. 5:9) और ‘ईश्वर सभी को शांति के घर में आमंत्रित करते हैं’ (कुरान 10:25)

उपवास, दया और सेवा

धर्माध्यक्ष बागाफोरो ने रमजान और चालीसा काल को प्रार्थना, प्रायश्चित, उपवास और दान का पारंपरिक समय बताया; एक ऐसा समय जो दिल को नवीनीकृत करते और भाई-बहनों की तरह रहने की पुकार को सुदृढ़ करते हैं।

उन्होंने कहा, “उपवास पीड़ितों के लिए हमारी आँखें खोलता है और हमारी दया को बढ़ाता है।” “ईश्वर का प्यार पड़ोसी, खासकर, गरीबों और भूले हुए लोगों के प्रेम में प्रकट होता है।”

धर्मग्रंथ और इस्लामी परंपरा का जिक्र करते हुए, उन्होंने आगे कहा:“जैसा कि येसु सिखाते हैं, सबसे कमजोर लोगों के लिए हम जो करते हैं उसे ईश्वर के लिए करते हैं (मती. 25:40)। उसी तरह मुहम्मद पैगम्बर सिखलाते हैं कि जो दूसरों की भलाई करता है वही हममें से सबसे अच्छा है।”

शांति, सृष्टि और भाईचारा

धर्माध्यक्ष ने इस बात पर भी जोर दिया कि शांति ईश्वर, पड़ोसी और सृष्टि के साथ सही रिश्तों में होना है।

उन्होंने कहा, “शांति सिर्फ युद्ध न होना नहीं है बल्कि उससे बढ़कर है।” “यह ईश्वर, एक-दूसरे और सृष्टि के साथ सही रिश्ता है। धरती की पुकार और गरीबों की पुकार दोनों एक हैं।”

उन्होंने समझाया कि इसलिए पर्यावरण की देखभाल करना शांति और सामाजिक मेलजोल के लिए काम करने का एक जरूरी हिस्सा है।

उन्होंने आगे पोप फ्रांसिस की शिक्षा को याद किया, जो विश्व पत्र फ्रातेल्ली तूत्ती में है, जो शांतिपूर्ण साथ रहने की नींव के तौर पर “मानव भाईचारे और सामाजिक दोस्ती” को बढ़ावा देता है।

धर्माध्यक्ष बागाफोरो ने कहा, “वे हमें याद दिलाते हैं कि हम एक साथ रहने के लिए बने हैं, एक-दूसरे के खिलाफ नहीं।” “किसी को भी अलग नहीं किया जाना चाहिए। किसी को भी पीछे नहीं छोड़ा जाना चाहिए।”

इस तरह, चालीसा और रमजान न सिर्फ व्यक्तिगत आध्यात्मिक यात्रा बन जाते हैं, बल्कि सबसे कमजोर लोगों की मदद करने के लिए मिलकर की गई प्रतिबद्धता भी बन जाते हैं।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

12 फ़रवरी 2026, 15:56