खोज

सिएर्रा लियोन में  कलीसियाई संस्थाओं द्वारा लोकोपकारी मदद सिएर्रा लियोन में कलीसियाई संस्थाओं द्वारा लोकोपकारी मदद   ((©Marco Palombi))

सिएर्रा लियोनः पुरोहितों के विरुद्ध हिंसा की कड़ी निन्दा

सिएरा लियोन के काथलिक धर्माध्यक्षों ने देश में पुरोहितों, धर्मसमाजियों एवं धर्मसंघी स्त्री-पुरुषों तथा गिरजाघरों एवं कलीसियाई सम्पत्ति पर हमलों की बढ़ती घटनाओं की निंदा की है।

वाटिकन सिटी

सिएर्रा लेओन, शनिवार, 7 फरवरी 2026 (वाटिकन न्यूज़): सिएरा लियोन के काथलिक धर्माध्यक्षों ने देश में पुरोहितों, धर्मसमाजियों एवं धर्मसंघी स्त्री-पुरुषों तथा गिरजाघरों एवं कलीसियाई सम्पत्ति पर हमलों की बढ़ती घटनाओं की निंदा की है।

वाटिकन स्थित सुसमाचार प्रचार परिषद की प्रेस एजेन्सी फीदेस के अनुसार, सिएर्रा लियोन के धर्माध्यक्षों ने एक काथलिक पुरोहित पर हाल ही में हुए हमले के बाद एक बयान जारी किया। उन्होंने कहाः “हम, काथलिक धर्माध्यक्ष  हमारे धर्मप्रान्त में पुरोहितों, धर्मसमाजियों एवं धर्मसंघी पुरुषों एवं महिलाओं  पर हमलों और मिशन की सम्पत्ति की लूटपाट की कड़ी निंदा करते हैं।”

हमला

27 जनवरी को अपर बाम्बारा के पेंडेम्बु में चर्च ऑफ़ अज़म्प्शन ऑफ़ मैरी गिरजाघर के पल्ली पुरोहित फादर जेम्स जोशुआ जमुरी पर हमला हुआ जिनके हाथ, सिर और दोनों घुटनों पर चोटें आईं। हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है और वह पुलिस की हिरासत में है।

बयान में धर्माध्यक्षों ने केनेमा में निष्कलंक माँ गिरजाघर के पल्ली पुरोहित फादर ऑगस्टीन दौदा अमादू की बेरहमी से की गई हत्या को भी याद किया जिनकी हत्या 30 अगस्त, 2025 की रात को की गई थी।

एकात्मता और चिन्ता

इन लगातार हमलों के मद्देनज़र धर्माध्यक्षों ने पीड़ितों के साथ अपनी गहरी एकात्मता और चिंता ज़ाहिर की। फादर अमाडू पर उनके घर पर हमला हुआ जिससे सिएरा लियोन का काथलिक समुदाय सदमे में है। इस मामले में छः लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

धर्माध्यक्षों ने कहा कि काथलिक कलीसिया के कार्यकर्त्ताओं और उसकी सम्पत्ति पर लगातार हमलों की इन घटनाओं की वजह से लोगों को और विशेष रूप से कमज़ोर और गरीब लोगों को ज़रूरी सेवाओं से वंचित होना पड़ा है।

अपने बयान के अन्त में धर्माध्यक्षों ने कानून लागू करने वाले अधिकारियों और पुलिस से ज़ोरदार अपील की कि वे आगे हिंसा रोकने के लिए ठोस कदम उठाएं और सम्पूर्ण सिएर्रा लियोन में पुरोहितों, धर्मसमाजियों और कलीसियाई संस्थानों की सुरक्षा को सुनिश्चित करें।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

07 फ़रवरी 2026, 12:04