खोज

कार्डिनल क्लाऊदियो गुजेरोत्ती, फाईल तस्वीर कार्डिनल क्लाऊदियो गुजेरोत्ती, फाईल तस्वीर  

खलदैई कलीसिया के दीर्घकालीन एवं समृद्ध इतिहास की प्रशंसा

ईराक की राजधानी बगदाद में खलदैई काथलिक कलीसिया के सन्त योसफ महागिरजाघर में शुक्रवार को बगदाद के खलदैई प्राधिधर्माध्यक्ष महामहिम पोलिस तृतीय नोना का पदग्रहण अनुष्ठान समारोह सम्पन्न हुआ।

वाटिकन सिटी

बगदाद, शुक्रवार, 29 मई 2026 (रेई, वाटिकन रेडियो): ईराक की राजधानी बगदाद में खलदैई काथलिक कलीसिया के सन्त योसफ महागिरजाघर में शुक्रवार को बगदाद के खलदैई प्राधिधर्माध्यक्ष महामहिम पोलिस तृतीय नोना का पदग्रहण अनुष्ठान समारोह सम्पन्न हुआ।

समृद्ध इतिहास

सन्त पापा लियो 14 वें की ओर से पूर्वी रीति की कलीसियाओं के लिये गठित परमधर्मपीठीय परिषद के अध्यक्ष कार्डिनल क्लाऊदियो गुजेरोत्त् ने अनुष्ठान समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर अपने प्रवचन में कार्डिनल गुजेरोत्ती ने कहा कि यह दिन खलदैई कलीसिया के लिये, ईराक के लिये और साथ ही सार्वभौमिक काथलिक कलीसिया के लिये भी एक ऐतिहासिक दिन था।

उन्होंने कहा कि यह इसलिये क्योंकि इस दिन यहां काथलिक और दूसरी कलीसियाओं के वरिष्ठ धर्माधिकारी सहित अन्य धर्मों के प्रतिनिधि, नागर और सामाजिक अधिकारी तथा डिप्लोमैटिक संस्थाओं के प्रतिनिधि खलदैई कलीसिया के दीर्घकालीन एवं समृद्ध इतिहास को सम्मानित करने के लिये इकट्ठा हुए हैं। कार्डिनल गुजेरोत्ती ने कहा कि सन्त पापा लियो 14 वें की ओर से वे ईराक की खलदैई कलीसिया के प्रति शुभकामनाएँ अर्पित करते, आपके प्रति एकजुटता प्रदर्शित करते तथा इस समारोह में उपस्थित होकर भातृत्वपूर्ण समर्थन का प्रदर्शन करते अति प्रसन्न थे।  

रहस्यों से परिपूर्ण

खलदैई कलीसिया के समृद्ध इतिहास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कार्डिनल महोदय ने कहाः    खलदैई कलीसिया का इतिहास रहस्यों से भरा है और कई मायनों में हैरान करने वाला है। यह प्रेरितों के प्रथम वारिसों की कलीसिया है, इसकी जड़ें सीधे येसु मसीह की धरती से जुड़ी हैं; यह वह मिशनरी धरती थी, जो दुनिया के सुदूर इलाकों तक पहुँची और जिसने सुसमाचार प्रचार द्वारा लोगों को आलोकित किया।

कार्डिनल ने कहा कि सुसमाचार प्रचार राजनैतिक सत्ता से नहीं आया बल्कि राजनैतिक सत्ता को समझने की इसकी शक्ति से, इसके सिद्धांतों की समृद्धता से, इसकी संस्कृति और इसके रीति-रिवाजों की स्पष्टता से आया। उन्होंने कहा कि खलदैई कलीसिया शुरु से ही अपने सदस्यों को उचित मार्गदर्शन देने में सफल रही, उन्हें अक्सर गैर-ईसाई स्थलों पर भी ऊँचे पदों पर बिठाने में कामयाब रही, जिसका श्रेय उस विश्वास को जाता है जिसे विश्वासियों के मन में जगाने में वह सफल रही।  

सराहनीय कार्य

कार्डिनल गुजेरोत्ती ने कहा कि ईराक की खलदैई कलीसिया ने संस्थागत तौर पर भी सराहनीय कार्य किये जिसके गवाह इसके अनगिनत मठ और विख्यात एवं सम्मानित विश्वविद्यालय हैं। इन शिक्षण संस्थाओं ने प्राचीन ग्रीक लेखों के अनुवाद कार्यों सहित सबसे ऊंचे स्तर के दार्शनिक एवं धर्मतत्ववैज्ञानिक विस्तार को जन्म दिया। मशहूर अरबी अनुवादकों के साथ, इसने यूरोपीय जगत के लिए एक पुल का काम किया, और उस शानदार संस्कृति को जन्म दिया जिसकी रोमी जगत में  कई तरह से नकल की गई और जिसका बाद में, पश्चिमी काथलिक कलीसिया के कुछ सबसे विख्यात ईशशास्त्रियों ने अनुसरण किया। इसके अतिरिक्त, कार्डिनल ने कहा कि दक्षिण भारत की कलीसिया आज भी इस बात का जीता-जागता सबूत है कि कैसे ईराक की खलदैई कलीसिया ने सम्पूर्ण विश्व में सबसे कामयाब और दिलचस्प ख्रीस्तीय समुदाय में से एक को एकजुट किया है।  

अनुरोध

ईराक की खलदैई कलीसिया के नवनियुक्त प्राधिधर्माध्यक्ष पोलिस नोना को सम्बोधित करते हुए कर्डिनल गुजेरोत्ती ने कहाः हम आपसे अपनी इस कलीसिया की परंपराओं के प्रति वफ़ादारी की गुज़ारिश करते हैं, अन्य कलीसियाओं और सभी धर्मों के साथ भ्रातृत्वभाव का अनुरोध करते हैं, ताकि एक ऐसी गवाही दी जा सके जो दुनिया को एक बेहतर, अधिक शांत और आशा से परिपूर्ण स्थल बनाये तथा सबसे बढ़कर स्वर्ग राज्य एवं प्रभु येसु मसीह वापसी की ओर भक्ति से उन्मुख रखे।

कार्डिनल ने प्राधिधर्माध्यक्ष पोलिस नोना से कहा कि ईराक के काथलिकों की धार्मिक भावनाएँ बहुत गहरी हैं और आपकी मौजूदगी की गर्माहट उनके जीवन में नई जान डाल सकती है, खोए हुए दिलों को दिलासा दे सकती है, नए रास्तों पर चलने की हिम्मत दे सकती है, आज की ज़िंदगी की रोज़मर्रा की ज़रूरतों और चुनौतियों में परंपरा की तरक्की को दिखा सकती है। आपके युवा लोग, खासकर, इस बात को बड़े भरोसे से देखते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जटिल राजनैतिक और सामाजिक परिस्थितियों के बावजूद ईराक की कलीसिया अपने लोगों में विश्वास को सुदृढ़ कर पायेगी तथा एक बेहतर भविष्य की आशा को जगा पायेगी।  

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

29 मई 2026, 11:13