खोज

शांति के लिए जागरण प्रार्थना में पोप लियो 14वें माता मरियम के सामने शांति के लिए जागरण प्रार्थना में पोप लियो 14वें माता मरियम के सामने  (ANSA)

जागरण प्रार्थना के दौरान पोप : हथियार और मौत की योजना बनाना बंद करें

पोप लियो 14वें ने शनिवार शाम को विश्व शांति के लिए जागरण प्रार्थना का नेतृत्व किया तथा राष्ट्रों के नेताओं से अपील की कि युद्ध विराम किया जाए, वे वार्ता एवं चिंतन की मेज पर बैठें। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कलीसिया हमेशा शांति की अपील करेगी "भले ही युद्ध के तर्क को नकारने से गलतफहमी और नफरत झेलना पड़े।"

वाटिकन न्यूज

वाटिकन सिटी, रविवार, 12 अप्रैल 2026 (रेई) : संत पापा लियो 14वें ने रोजरी माला विन्ती के अंत में विश्व शांति हेतु प्रार्थना के लिए संत पेत्रुस महागिरजाघर में एकत्रित विश्वासियों को सम्बोधित कर कहा, “प्यारे भाइयो और बहनो, आपकी प्रार्थना उस विश्वास का एक रूप है जो येसु के शब्दों के अनुसार, पहाड़ों को भी हिला देती है (मती. 17:20)। शांति हेतु प्रार्थना करने के लिए यहाँ संत पेत्रुस की कब्र पर और दुनिया भर में कई दूसरी जगहों पर इकट्ठा होने के इस निमंत्रण को स्वीकार करने के लिए आपका धन्यवाद। युद्ध बांटता है; उम्मीद जोड़ती है। घमंड दूसरों को रौंदता है; प्यार ऊपर उठाता है। मूर्ति पूजा हमें अंधा कर देती है; जीवित ईश्वर हमें रोशनी प्रदान करते हैं।

मेरे प्यारे दोस्तो, इतिहास के इस मुश्किल समय का सामना एक साथ करने के लिए बस थोड़ा विश्वास, विश्वास के एक छोटे से “टुकड़े” की जरूरत है। प्रार्थना कोई पनाह नहीं है जिसमें हम अपनी जिम्मेदारियों से छिप जाएं, न ही यह नाइंसाफी से होनेवाले दर्द को कम करनेवाली कोई दवा है। बल्कि, यह मौत के प्रति सबसे निस्वार्थ, विश्वव्यापी और बदलाव लानेवाला जवाब है: हम ऐसे लोग हैं जो पहले ही जी उठे हैं! हममें से हर एक के अंदर, हर इंसान के अंदर, भीतर का शिक्षक शांति सिखाता है, हमें मिलने के लिए उकसाता है और हमें दुआ करने के लिए प्रेरित करता है। आइए, हम मलबे से उठें! कोई भी चीज हमें पहले से तय किस्मत तक नहीं बांध सकती, इस दुनिया में भी नहीं, जहाँ कभी भी कब्रें काफी नहीं लगतीं, क्योंकि लोग न्याय और दया की परवाह किए बिना एक-दूसरे को सूली पर चढ़ाते रहते हैं और जीवन समाप्त करते रहते हैं।

रोजरी माला विन्ती
रोजरी माला विन्ती   (ANSA)

2003 के इराक युद्ध संकट के संदर्भ में, शांति के लगातार समर्थक संत जॉन पॉल द्वितीय ने गहरी भावना के साथ कहा था: “मैं उस पीढ़ी से हूँ जिसने द्वितीय विश्व युद्ध देखी है और, ईश्वर का शुक्र है, उससे बच निकला। मेरा यह कर्तव्य है कि मैं सभी युवाओं से, उन लोगों से जो मुझसे छोटे हैं, जिन्होंने यह अनुभव नहीं किया है, यह कहूँ: “अब और युद्ध नहीं” जैसा कि पोप पॉल छठवें ने संयुक्त राष्ट्र की अपनी पहली यात्रा के दौरान कहा था। हमें हर संभव कोशिश करनी चाहिए। हम अच्छी तरह जानते हैं कि किसी भी कीमत पर शांति संभव नहीं है। लेकिन हम सभी जानते हैं कि यह जिम्मेदारी कितनी बड़ी है।” (देवदूत प्रार्थना, 16 मार्च 2003) मैं आज शाम उनकी अपील को अपना मानता हूँ, जो आज भी प्रासंगिक है।

प्रार्थना हमें सिखाती है कि कैसे काम करना है। प्रार्थना में, हमारी सीमित इंसानी संभावनाएँ ईश्वर की अनंत संभावनाओं से जुड़ जाती हैं। फिर विचार, शब्द और काम बुराई के शैतानी चक्र को तोड़ देते हैं और ईश्वर के राज्य की सेवा में लग जाते हैं। एक ऐसा राज्य जहाँ कोई तलवार नहीं, कोई ड्रोन नहीं, कोई बदला नहीं, बुराई का तुच्छीकरण नहीं, कोई गलत फायदा नहीं, बल्कि सिर्फ सम्मान, समझदारी और माफी हो। यहीं पर हमें ताकतवर होने के भ्रम के खिलाफ एक दीवार मिलती है जो हमें घेरे हुए है और तेजी से अप्रत्याशित और आक्रामक होती जा रही है। इंसानी परिवार के अंदर का संतुलन बुरी तरह से बिगड़ गया है। यहाँ तक कि जीवन के ईश्वर, ईश्वर के पवित्र नाम को भी मौत की बातों में घसीटा जा रहा है। एक स्वर्गीय पिता के साथ भाइयों और बहनों की दुनिया एक बुरे सपने की तरह गायब हो जाती है, और दुश्मनों से भरी सच्चाई को रास्ता देती है। हमें सुनने और एक साथ आने के निमंत्रण के बजाय, धमकियाँ मिलती हैं। भाइयो और बहनो, जो प्रार्थना करते हैं वे अपनी सीमाओं को जानते हैं; वे मारते नहीं या मौत की धमकी नहीं देते हैं। इसके बजाए, मृत्यु उन लोगों को गुलाम बना लेती है जिन्होंने जीवित ईश्वर से मुंह मोड़ लिया है, वे खुद को और अपनी शक्ति को एक गूंगी, अंधी और बहरी मूर्ति में बदल लेते हैं (भजन 115:4–8), जिसके लिए वे हर मूल्य का त्याग कर देते, और मांग करते हैं कि पूरा संसार उनके सामने घुटने टेक दे।

वाटिकन में रोजरी माला विन्ती
वाटिकन में रोजरी माला विन्ती   (AFP or licensors)

बहुत हो गई खुद की पूजा और पैसे की पूजा! बहुत हो गई ताकत का दिखावा! बहुत हो गई जंग! सच्ची ताकत जीवन की सेवा करने में दिखती है। सुसमाचारी सादगी के साथ, संत जॉन 23वें ने एक बार लिखा था: “शांति के लाभ हर जगह महसूस किए जाएँगे, लोगों, परिवारों, देशों, पूरी इंसानियत के द्वारा।” और पोप पीयुस 12वें के तीखे शब्दों को दोहराते हुए, उन्होंने आगे कहा: “शांति से कुछ नहीं खोता; जंग से सब कुछ खो सकता है” (प्रेरितिक विश्व पत्र पाचेम इन तेरिस, 116)।

इसलिए, आइए हम उन लाखों-करोड़ों पुरूषों और महिलाओं, जवान और बूढ़े लोगों की नैतिक और आध्यात्मिक ताकत को एक करें, जो आज शांति में विश्वास करना चुनते हैं, जंग के पागलपन से हुए जख्मों की देखभाल करते हैं और नुकसान में सुधार लाते हैं। मुझे लड़ाईवाले इलाकों में बच्चों से अनगिनत चिट्ठियाँ मिलती हैं। उन्हें पढ़ने पर, कोई भी मासूमियत के नजरिए से, उन सभी डरावनी और बेरहम हरकतों को देख सकता है जिन पर कुछ बड़े घमंड से गर्व करते हैं। आइए, हम बच्चों की आवाज सुनें!

प्यारे भाइयो और बहनो, राष्ट्रों के नेताओं पर अवश्य कुछ जरूरी जिम्मेदारियाँ हैं। हम उनसे चिल्लाकर कहते हैं: रुको! शांति का समय आ गया है! बातचीत और बीच-बचाव की मेज पर बैठें, उस टेबल पर नहीं जहाँ फिर से हथियार डालने की योजना बनाई जा रही है और खतरनाक कामों का फैसला किया जाता है! फिर भी, हम सभी दुनिया भर के पुरुषों और महिलाओं पर कम बड़ी जिम्मेदारी नहीं है। हम एक बहुत बड़ी भीड़ हैं जो न सिर्फ बातों से, बल्कि कामों से भी युद्ध को नकारती है। प्रार्थना हमें अपने दिल और दिमाग में बची हुई हिंसा को पीछे छोड़ने के लिए कहती है। आइए, हम शांति के एक ऐसे राज की ओर मुड़ें जो दिन-ब-दिन बनता जाए — हमारे घरों, स्कूलों, मोहल्लों, और आम एवं धार्मिक समुदायों में। एक ऐसा राज जो दोस्ती और मिलने-जुलने की संस्कृति के जरिए बहस और हार मानने का मुकाबला करे। आइए हम एक बार फिर प्यार, संयम और अच्छी राजनीति में विश्वास करें। हमें खुद को बनाना होगा और व्यक्तिगत रूप से शामिल होना होगा, हर कोई अपनी बुलाहट पर ध्यान दे। शांति के इस मोजाईक में हर व्यक्ति की अपनी जगह है!

रोजरी माला विन्ती
रोजरी माला विन्ती   (AFP or licensors)

रोजरी माला विन्ती, प्रार्थना के दूसरे पुराने तरीकों की तरह, आज शाम हमें अपनी लगातार लय में एक साथ लाया है, जो बार-बार दोहराए जाने पर बनी है। शांति भी उसी तरह बढ़ती है: शब्द दर शब्द, काम दर काम, जैसे एक पत्थर बूंद बूंद से खोखला होता है, या कपड़ा सिलाई दर सिलाई बुना जाता है। ये जीवन के धीमी लय हैं, जो ईश्वर के धर्य की निशानी हैं। हमें खुद को उस दुनिया की रफ्तार से दबने नहीं देना चाहिए जो नहीं जानती कि वह किसका पीछा कर रही है। बल्कि, हमें जीवन की लय, दुनिया के तालमेल और उसके जख्मों को भरने की सेवा में लौटना चाहिए। जैसा कि पोप फ्रांसिस ने हमें सिखाया, “शांति निर्माताओं भी जरूरत है, ऐसे पुरुष और महिलाओं की जो हिम्मत और रचनात्मक तरीके से काम करने के लिए तैयार हों ताकि चंगाई और नए सिरे से मिलने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।” (विश्वपत्र फ्रातेल्ली तूती, 225)। सचमुच, “शांति की एक 'वास्तुकला' है, जिसमें समाज के अलग-अलग संस्थान अपनी-अपनी क्षमता के हिसाब से योगदान देते हैं, लेकिन शांति की एक ‘कला’ भी है जिसमें हम सभी शामिल हैं।” (231)

प्यारे भाइयो और बहनो, आइए हम बिना रुके और बिना थके प्रार्थना करने की प्रतिज्ञा करके घर लौटें, यह प्रतिज्ञा दिल के गहरे बदलाव का है। कलीसिया मेल-मिलाप और शांति की सेवा में लगी एक महान प्रजा है। वह बिना किसी हिचकिचाहट के आगे बढ़ती है, तब भी जब युद्ध के तर्क को नकारने से गलतफहमी और तिरस्कार हो सकता है। वह शांति का सुसमाचार सुनाती है और किसी इंसानी अधिकार के बजाय ईश्वर की बात मानना सीखती है, खासकर, तब जब अंतरराष्ट्रीय कानून के लगातार उल्लंघन से मानव व्यक्ति की प्रतिष्ठा खतरे में हो। “पूरी दुनिया में, यह उम्मीद की जानी चाहिए कि हर समुदाय ‘शांति का घर’ बने, जहाँ बातचीत के जरिए दुश्मनी को कम करना सीखा जाए, जहाँ न्याय का पालन किया जाए और माफी को अहमियत दी जाए। अब पहले से कहीं ज्यादा, हमें यह दिखाना होगा कि शांति कोई काल्पनिक नहीं है।” (LIX विश्व शांति दिवस के लिए संदेश, 1 जनवरी 2026)

हर भाषा, जाति और देश के भाइयो और बहनो: हम एक परिवार हैं जो रोता है, उम्मीद करता है और फिर से उठ खड़ा होता है। “अब कोई युद्ध नहीं, ऐसी यात्रा नहीं जिससे वापसी न हो; अब कोई युद्ध नहीं, दुःख और हिंसा का दुष्चक्र नहीं;” (संत जॉन पॉल द्वितीय, शांति के लिए प्रार्थना, 2 फरवरी 1991)।

वाटिकन में रोजरी माला विन्ती
वाटिकन में रोजरी माला विन्ती   (ANSA)

प्यारे मित्रो, आप सभी को शांति मिले! यह जी उठे ख्रीस्त की शांति है, जो क्रूस पर उनके प्यार के बलिदान का फल है। इसी वजह से, हम उनसे प्रार्थना करते हैं:

हे प्रभु येसु,

आपने बिना किसी हथियार या हिंसा के मौत पर विजय पायी:

आपने शांति की ताकत से उसकी शक्ति को तोड़ दिया।

हमें अपनी शांति दीजिए,

जैसा आपने पास्का की सुबह शक से भरी महिलाओं को दिया था,

जैसा आपने डर के मारे छिपे हुए चेलों को दिया था।

अपनी आत्मा भेजिए,

वह सांस जो जीवन देती और मेल-मिलाप कराती है,

जो दुश्मनों और विरोधियों को भाई-बहन बना देती है।

हमें अपनी माँ मरियम पर भरोसा करने के लिए प्रेरित कीजिए,

जो टूटे दिल के साथ आपके क्रूस के पास खड़ी थीं,

इस विश्वास में कि आप फिर से जी उठेंगे।

युद्ध का पागलपन खत्म हो

और धरती की देखभाल एवं खेती वे लोग करें जो अभी भी

जानते हैं कि जीवन को कैसे लाना, उसकी रक्षा करना और उससे प्यार करना है।

हमारी सुनिए, हे जीवन के प्रभु!

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

12 अप्रैल 2026, 12:36