संत पापा जेनाज़ानो में माता मरियम नेक सलाहकारिणी के तीर्थालय का दौरा करेंगे
तिज़ियाना कैम्पिसी
वाटिकन सिटी, सोमवार 10 अगस्त 2026 (वाटिकन न्यूज) : संत पापा लियो 14वें, रोम से करीब चालीस किलोमीटर दूर बसे छोटे से शहर जेनाज़ानो लौटेंगे — रोमन साम्राज्य के दौरान यह गर्मियों के समय को बिताने का स्थान था और मध्य युग में, एक गाँव जो बाद में कोलोना परिवार की जागीर का हिस्सा बन गया। जेनाज़ानो में यह महागिरजाधर माता मरियम नेक सलाहकारिणी का तीर्थालय है, जो असल में कुंवारी मरियम को समर्पित एक छोटा सा गिरजाघर था और 14वीं सदी में अगुस्टीनियन धर्मसंघियों को सौंप दिया गया था।
संत पापा परमाध्यक्ष बनने के दो दिन बाद, 10 मई, 2025 को माता मरियम का दर्शन करने गये थे। एक साल से ज़्यादा समय बाद, वे 7 सितंबर को शाम 6:00 बजे धन्य कुंवारी मरियम के जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर पवित्र मिस्सा समारोह का अनुष्ठान करेंगे।
परमाध्यक्ष के रूप में पहली यात्रा
संत पापा लियो ने परमाध्यक्ष के रूप में जेनाज़ानो की अपनी पहली यात्रा के दौरान महागिरजाघऱ के बाहर एकत्रित अगुस्टीनियन भिक्षुओं और विश्वासियों से कहा, "मैं नये मिशन के इन पहले दिनों के दौरान यहां आना चाहता था, जिसे कलीसिया ने मुझे सौंपा है, ताकि पेत्रुस के उत्तराधिकारी के रूप में मिशन को जारी रखा जा सके।" तीर्थालय की अतिथि पुस्तिका में, उन्होंने लिखा कि उन्हें "माता मरियम नेक सलाहकारिणी का तीर्थालय" पर आने का "कर्तव्य और गहरी इच्छा महसूस हुई"।
संत पापा ने लिखा, "मेरे पूरे जीवन में, वे अपनी ममतामयी उपस्थिति, अपनी बुद्धिमत्ता और अपने बेटे के प्रति अपने प्यार के उदाहरण के साथ मेरे साथ रहीं, जो हमेशा मेरे विश्वास के केंद्र में है। राह, सच्चाई और जीवन। आपकी मदद के लिए धन्यवाद, माँ; इस नए मिशन में मेरे साथ रहें।"
उन्होंने शिकागो के अगुस्टीनियन प्रांत में संत अगुस्टीन धर्मसमाज में प्रवेश किया था, जो स्वयं माता मरियम नेक सलाहकारिणी को समर्पित है।
माता मरियम नेक सलाहकारिणी का दर्शन
10 मई, 2025 को संत पापा लियो का यह दौरा भी पहला अप्रत्याशित दौरा था।
एक अगुस्टीनियन फ्रायर के तौर पर, वे दशकों से माता मरियम नेक सलाहकारिणी के तीर्थालय में आते रहे थे। वे पहली बार 1980 के दशक की शुरुआत में रोम में एक युवा छात्र के तौर पर वहाँ गए थे; बाद में, वे प्रायर जनरल के तौर पर, और उसके बाद चिक्लेयो के धर्माध्यक्ष और कार्डिनल के तौर पर अक्सर आते रहे।
संत पापा लियो ने मई 2025 में माता मरियम नेक सलाहकारिणी की तस्वीर के सामने प्रार्थना की
परमाध्यक्ष के तौर पर चुने जाने से पहले, उनका सबसे हालिया दौरा 25 अप्रैल, 2024 को माता मरियम नेक सलाहकारिणी के त्योहार के लिए हुआ था। अपने प्रवचन में, उन्होंने विश्वासियों से कहा कि वे पूरी दुनिया में शांति और मेल-मिलाप फैलाने के लिए माता मरियम को एक प्रेरणा के तौर पर देखें।
इसके अलावा, अपने चुनाव के दिन, 8 मई 2025 को, संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्रधान झरोखे में आने से पहले, उन्होंने प्रेरितिक भवन के पौलीन चैपल में वेदी के दाईं ओर स्थित माता मरियम नेक सलाहकारिणी की छवि के सामने प्रार्थना की।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.
