तंजानिया में जन्मे पूर्व वाटिकन राजनयिक का रोम में निधन
वाटिकन न्यूज
तंजानिया, बृहस्पतिवार, 18 सितम्बर 2025 (रेई) : तंजानिया की काथलिक कलीसिया पूर्व प्रेरितिक राजदूत और वाटिकन के लंबे समय तक राजनयिक रहे महाधर्माध्यक्ष नोवाटस रुगाम्बवा के निधन पर शोकित है। 16 सितंबर, 2025 की शाम को रोम के जेमेली अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
दिवंगत महाधर्माध्यक्ष तंजानिया के बुकोबा काथलिक धर्मप्रांत के मूल निवासी थे।
तंजानिया के बुकोबा धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष जोविटस फ्राँसिस मविजागे ने महाधर्माध्यक्ष के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया।
धर्माध्यक्ष मविजागे ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा, "तुमसिफु येसु क्रिस्टो। मुझे अत्यंत दुःख के साथ हमारे प्रिय महाधर्माध्यक्ष नोवाटस रुगाम्बवा के निधन की घोषणा करना पड़ रहा है, जिन्हें 16 सितंबर, 2025 की शाम को रोम से प्रभु ने अपने पास बुला लिया।"
धर्माध्यक्ष ने कहा, "उनकी आत्मा को अनन्त शांति मिले। अंतिम संस्कार की सूचना यथासमय दी जाएगी।" "आइए, हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें: हे प्रभु, उन्हें अनन्त शांति प्रदान कर और उन पर अनन्त रोशनी चमका। उनकी आत्मा को शांति मिले। आमीन।"
कलीसिया और विश्व की सेवा में समर्पित जीवन
महाधर्माध्यक्ष रुगाम्बवा का जन्म 8 अक्टूबर, 1957 को तंजानिया के बुकोबा धर्मप्रांत में हुआ था। उनका पुरोहित अभिषेक 6 जुलाई, 1986 को हुआ था।
वे 1 जुलाई, 1991 को परमधर्मपीठ की राजनयिक सेवा में शामिल हुए और दुनियाभर में वाटिकन के विभिन्न राजदूतावासों में विभिन्न पदों पर कार्य किया।
28 जून, 2007 को, पोप बेनेडिक्ट सोलहवें ने उन्हें प्रवासियों और खानाबदोश लोगों की प्रेरितिक देखभाल हेतु गठित परमधर्मपीठीय परिषद का उपसचिव नियुक्त किया।
बाद में, 6 फरवरी, 2010 को, उन्हें अंगोला, साओ टोमे और प्रिंसिपे का प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया।
उनका धर्माध्यक्षीय अभिषेक 18 मार्च, 2010 को हुआ, जिसका आयोजन तत्कालीन वाटिकन सचिव कार्डिनल तरसिसियो बेरतोने ने किया था।
उनकी राजनयिक यात्रा आगे की नियुक्तियों के साथ जारी रही। 5 मार्च, 2015 को उन्हें होंडुरास में प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया गया। 29 मार्च, 2019 को, पोप फ्रांसिस ने उन्हें न्यूज़ीलैंड में प्रेरितिक राजदूत और प्रशांत द्वीप समूह में पोप के प्रतिनिधि नियुक्त किया।
30 मार्च, 2021 को, उनकी ज़िम्मेदारियाँ और बढ़ गईं क्योंकि उन्हें माइक्रोनेशिया गणराज्य में प्रेरितिक राजदूत नियुक्त किया गया, जबकि उन्होंने मार्शल द्वीप समूह, किरिबाती, नाउरू, टोंगा, न्यूजीलैंड, फिजी और पलाऊ में अपना मिशन जारी रखा।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here