कोरिया जानेवाले युवा तैयारी में लगे हैं, कार्डिनल केविन फेरल
वाटिकन सिटी
वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 (रेई, वाटिकन रेडियो): वाटिकन स्थित लोकधर्मी विश्वासियों, परिवार एवं जीवन सम्बन्धी परमधर्मपीठीय परिषद के अध्यक्ष कार्डिनल केविन फैरल ने 2027 में मनाये जानेवाले आगामी विश्व युवा दिवस के विषय में एक वकतव्य जारी किया।
प्रेरितिक अस्त्र
कार्डिनल महोदय ने कहाः सियोल में विश्व युवा दिवस 2027 के शुरू होने में अभी एक साल बाकी है किन्तु जो युवा अपने पुरोहितों के साथ कोरिया जा रहे हैं, वे इस सम्मेलन की तैयारियों में उत्साह और उमंग के साथ शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विश्व युवा दिवस के इस अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिये रचा गया लाक्षणिक गीत, आधिकारिक प्रार्थना और चुने गये पाँच संरक्षक सन्तों के साक्ष्य ऐसे प्रेरितिक अस्त्र और साधन हैं जो युवा प्रतिनिधियों को 2027 के सम्मेलन के लिये स्वतः को आध्यात्मिक रूप से तैयार होने में सहायता प्रदान करेंगे।
येसु के साथ मुलाकात
कार्डिनल केविन फैरल ने इस तथ्य को रेखांकित किया कि अपने चालीस वर्षीय इतिहास में, "विश्व युवा दिवस युवाओं और स्थानीय कलीसियाओं के विश्वास, उत्साह और सक्रिय भागीदारी के कारण लगातार समृद्ध हुआ है।
उन्होंने कहाः, इसीलिये मैं धर्माध्यक्षों एवं सम्पूर्ण विश्व में युवाओं की प्रेरिताई हेतु ज़िम्मेदार लोगों को अपना आमंत्रण दोहराता हूँ कि वे सियोल 2027 की ओर युवाओं के साथ चलें, उनकी तैयारी में उक्त संसाधनों का अधिकाधिक उपयोग करें और उन्हें इस तीर्थयात्रा को विश्वास, कलीसिया के साथ सहभागिता और येसु से वैयक्तिक मुलाकात के यथार्थ अनुभव के तौर पर महसूस करने में मदद करें।
Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here.