खोज

ह्यूमन फ्रेटरनिटी जायेद पुरस्कार सन्त पापा फ्राँसिस को, 31.01.2023 ह्यूमन फ्रेटरनिटी जायेद पुरस्कार सन्त पापा फ्राँसिस को, 31.01.2023  (Vatican Media)

ह्यूमन फ्रेटरनिटी जायेद पुरस्कार 2024 के लिए नामांकन खुला

संयुक्त अरब अमीरात स्थित मानव बंधुत्व सम्बन्धी उच्च समिति ने ह्यूमन फ्रेटरनिटी जायेद पुरस्कार 2024 के लिए नामांकन शुरु कर दिया है। इस पुरस्कार का उद्देश्य मानव प्रगति और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने हेतु काम करनेवालों को मान्यता प्रदान करना है।

जूलयट जेनेवीव क्रिस्टफर-वाटिकन सिटी,

संयुक्त अरब अमीरात, शुक्रवार, 2 जून 2023 (रेई, वाटिकन रेडियो): संयुक्त अरब अमीरात स्थित मानव बंधुत्व सम्बन्धी उच्च समिति ने ह्यूमन फ्रेटरनिटी जायेद पुरस्कार 2024 के लिए नामांकन शुरु कर दिया है। इस पुरस्कार का उद्देश्य मानव प्रगति और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने हेतु काम करनेवालों को मान्यता प्रदान करना है।

मानव बंधुत्व को बढ़ावा

ह्यूमन फ्रेटरनिटी के लिए जायेद पुरस्कार फरवरी 2019 में सार्वभौमिक काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष सन्त पापा फ्राँसिस एवं अल-अजहर के ग्रैंड इमाम, माननीय प्रोफेसर अहमद अल-तैयब के बीच आबू धाबी में ऐतिहासिक बैठक तथा दोनों महान हस्तियों द्वारा मानव बंधुत्व सम्बन्धी एक दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर को चिह्नित करने के लिए स्थापित किया गया था।

जायेद अवार्ड फॉर ह्यूमन फ्रेटरनिटी के महासचिव न्यायाधीश मोहम्मद अब्देलसलाम ने कहा: "पुरस्कार का 2024 संस्करण शुरू होते ही, हम ऐसे लोगों और संगठनों के नामांकन को आमंत्रित करते हैं जो समाज के सभी स्तरों पर मानव बंधुत्व को आगे बढ़ा रहे हैं, दूसरों को सामान्य भलाई की सेवा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं और विश्व को एक बेहतर स्थल बनाने के लिये काम कर रहे हैं।"

योग्य नामांकित व्यक्ति जायेद अवार्ड फॉर ह्यूमन फ्रेटरनिटी की आधिकारिक वेबसाइट  https://zayedaward.org/ के माध्यम से नामांकन पहली अक्टूबर, 2023 तक जमा किये जा सकते हैं। शांति निर्माण और सह-अस्तित्व में विशेषज्ञों की एक स्वतंत्र निर्णायक समिति नामांकन की समीक्षा करेगी और सम्मान प्राप्त करने वालों का चयन करेगी।

ह्यूमन फ्रेटरनिटी जायद पुरस्कार

ह्यूमन फ्रेटरनिटी जायेद पुरस्कार एक स्वतंत्र वैश्विक पुरस्कार है, जो मानव बंधुत्व सम्बन्धी उच्च समिति द्वारा प्रतिवर्ष 4 फरवरी को अंतर्राष्ट्रीय मानव बंधुत्व दिवस पर व्यक्तियों, संगठनों और अन्य संस्थाओं को मानव बंधुत्व के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रदान किया जाता है, इसमें दस लाख अमरीकी डॉलर वित्तीय पुरस्कार भी शामिल है। विजेताओं को संयुक्त अरब अमीरात स्थित आबू धाबी में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया जाता है।

ह्यूमन फ्रेटरनिटी के लिए जायेद पुरस्कार सर्वप्रथम सन्त पापा फ्राँसिस और अल-अजहर के ग्रैंड इमाम, माननीय प्रोफेसर अहमद अल-तैयब को मानव भाईचारा एवं शांति को प्रोत्साहन देने हेतु प्रदान किया गया था।

रोम के सन्त इजिदियो काथलिक लोकधर्मी मानवतावादी एवं लोकोपकारी संगठन को भी इस पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इस पुरस्कार का नाम आबू धाबी के दिवंगत शासक और संयुक्त अरब अमीरात के संस्थापक शेख जायेद बिन सुल्तान अल नहयान के सम्मान में रखा गया है, जिन्हें विनम्रता, मानवतावाद और सम्मान का आदर्श माना जाता है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

02 June 2023, 11:37