खोज

बचावकर्मी लीबिया के तट पर नाव पर सवार होकर बह रहे प्रवासियों की सहायता कर रहे हैं बचावकर्मी लीबिया के तट पर नाव पर सवार होकर बह रहे प्रवासियों की सहायता कर रहे हैं  (AFP or licensors)

भूमध्य सागर में प्रवासी नाव पर सवार दर्जनों प्रवासियों की मौत हो गई

बताया जाता है कि लीबिया से इटली जाने के प्रयास के दौरान रबर की नाव का इंजन खराब हो जाने के कारण कम से कम 60 प्रवासियों की भूख, प्यास और जलने से मौत हो गई।

वाटिकन न्यूज

वाटिकन सिटी, शनिवार 16 मार्च 2024 : प्रवासी एक सप्ताह पहले लीबिया के ज़ाविया बंदरगाह से भूमध्य सागर पार करके इटली जाने के लिए निकले थे। क्रॉसिंग के तीन दिन बाद, डोंगी का इंजन खराब हो गया, जिससे डोंगी बिना भोजन या पानी के भटक गई। जीवित बचे लोगों ने कहा कि रास्ते में कम से कम 60 लोगों की मौत हई, जिनमें महिलाएं और कई बच्चे भी शामिल थे।

प्रवासियों को उठाने वाले बचाव समूह एसओएस मेडिटेरानी के एक प्रवक्ता ने कहा कि एक जीवित बचे व्यक्ति ने बताया कि उसने अपनी पत्नी और डेढ़ साल के बच्चे को खो दिया। पहले दिन बच्चे की और चौथे दिन मां की मौत हो गयी।

जीवित बचे लोगों ने कहा कि मरने वालों के शव समुद्र में फेंक दिए गए थे। उन्होंने विमानों और हेलीकॉप्टरों को ऊपर उड़ते हुए देखने की बात कही, लेकिन मदद के लिए उनकी पुकार अनुत्तरित रही।

प्रवासियों को एसओएस मेडिटेरानी के ओशन वाइकिंग जहाज द्वारा उठाया गया था। जीवित बचे लोगों में से दो बेहोश थे, जिन्हें आपातकालीन चिकित्सा उपचार के लिए हेलीकॉप्टर द्वारा इटली के सिसिली द्वीप ले जाया गया।

ओशन वाइकिंग ने बाद में दो अलग-अलग अभियानों में कुल 224 प्रवासियों को बचाया। मध्य भूमध्य सागर दुनिया के सबसे खतरनाक प्रवास मार्गों में से एक है।

संयुक्त राष्ट्र प्रवासन एजेंसी (आईओएम) के अनुसार 2023 में उत्तरी अफ्रीका से यूरोप जाने की कोशिश करते समय लगभग 2,500 लोगों की मौत हो गई। एक दशक पहले रिकॉर्ड शुरू होने के बाद से यह उस क्षेत्र में प्रवासियों के लिए सबसे घातक वर्ष बन गया।

इटली और अन्य यूरोपीय संघ सरकारें जोखिम भरी सीमा पार करने वाले प्रवासियों की संख्या पर अंकुश लगाने की कोशिश कर रही हैं और उन्होंने लीबिया और टूनीशिया को अपने तटों से प्रस्थान रोकने के लिए धन या उपकरण की पेशकश की है।

आईओएम ने कहा कि वह इस नवीनतम प्रवासी नाव दुर्घटना से बहुत परेशान है और समुद्री गश्त को मजबूत करने और आगे की त्रासदियों को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

16 March 2024, 15:52