खोज

2023.03.18 तिराना में एक संवाददाता सम्मेलन के बाद वाटिकन विदेश सचिव महाधर्माध्यक्ष गल्लाघेर और विदेश मामलों की मंत्री ओल्ता झाक्का 2023.03.18 तिराना में एक संवाददाता सम्मेलन के बाद वाटिकन विदेश सचिव महाधर्माध्यक्ष गल्लाघेर और विदेश मामलों की मंत्री ओल्ता झाक्का  

महाधर्माध्यक्ष गल्लाघेरः अल्बानिया परमधर्मपीठ की प्राथमिकताओं मे से एक है

वाटिकन के विदेश सचिव, महाधर्माध्यक्ष पॉल गल्लाघेर ने अल्बानिया में अपनी यात्रा के तहत शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बात की। उन्होंने परमधर्मपीठ और अल्बानिया के बीच अच्छे द्विपक्षीय संबंधों पर प्रकाश डाला और एक साथ आगे बढ़ने के लिए चल रही चर्चाओं पर संतोष व्यक्त किया।

माग्रेट सुनीता मिंज-वाटिकन सिटी

तिराना, सोमवार 20 मार्च  2023 (वाटिकन न्यूज) : वाटिकन के विदेश सचिव, महाधर्माध्यक्ष पॉल रिचर्ड गल्लाघेर ने देश के राजनीतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक अधिकारियों के साथ मुलाकात करने के लिए अल्बानिया की यात्रा की है। वे शुक्रवार को अल्बानिया पहुंचे। शनिवार की सुबह तिराना में यूरोप और विदेश मामलों के मंत्री ओल्ता झाक्का से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें आमंत्रित किया था। इसके बाद उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में मुलाकात के बारे में बात की। उन्होंने निमंत्रण के लिए अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अल्बानिया, पूरे पश्चिमी बाल्कन क्षेत्र के साथ परमधर्मपीठ की प्राथमिकताओं में से एक है।

महाधर्माध्यक्ष गल्लाघेर ने कहा कि अल्बानिया की उनकी यात्रा परमधर्मपीठ के साथ द्विपक्षीय चर्चाओं को जारी रखने का अवसर प्रदान करती है जो पहले ही कई अवसरों पर हो चुकी हैं। उन्होंने उन लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने 7 सितंबर 1991 को राजनयिक संबंध पूरी तरह से बहाल होने तक "व्यक्तिगत जीवन से ईश्वर के जबरन बहिष्कार के कारण हुई हिंसा की अवधि" को सहन किया। उस तिथि के बाद से, अल्बानिया ने "बहुत महत्वपूर्ण कदम" उठाए हैं और परमधर्मपीठ ने "बहुत ध्यान और संतुष्टि के साथ उनका साथ दिया है।" विशेष रूप से, उन्होंने उल्लेख किया कि कैसे पिछले जुलाई अल्बानिया ने यूरोपीय संघ में प्रवेश के संबंध में बातचीत शुरू की, इसे "देश के लिए और वास्तव में पूरे पश्चिमी बाल्कन क्षेत्र के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण कदम" कहा।


स्वतंत्रता के बाद से काथलिक कलीसिया और अल्बानिया के बीच सहयोग अच्छे संबंधों द्वारा चिह्नित किया गया है, उन्होंने विशेष रूप से 1993 में संत पापा जॉन पॉल द्वितीय और 2014 में संत पापा फ्राँसिस की प्रेरितिक यात्राओं को याद करते हुए कहा। अल्बानिया और वाटिकन के प्रतिनिधियों की संख्या, निरंतर अच्छे द्विपक्षीय संबंधों और चर्चाओं का संकेत है।

अंत में, महाधर्माध्यक्ष गल्लाघेर ने अल्बानियाई समाज में स्थानीय कलीसिया के योगदान की सराहना की, विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कार्यों में। उन्होंने यूरोपीय समुदाय में उनकी पूर्ण एकता की दिशा में परमधर्मपीठ के समर्थन को दोहराया। उन्होंने यूक्रेन में युद्ध और बाल्कन क्षेत्र पर इसके प्रभाव सहित क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।

Thank you for reading our article. You can keep up-to-date by subscribing to our daily newsletter. Just click here

20 March 2023, 15:35